मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। बुधवार को प्रदेश के 22 जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। बुधवार को प्रदेश के 22 जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट वाले जिलों में Indore, Gwalior और Ujjain जैसे बड़े शहर भी शामिल हैं। मंगलवार रात रतलाम जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय परिसंचरण) और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव आ रहा है। गुरुवार को भी ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में बारिश के आसार
बुधवार को जिन जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है, उनमें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं।

वहीं भोपाल, बड़वानी, खरगोन, देवास, सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह, पन्ना और सतना जिलों में बादल छाए रहने के आसार हैं।

क्या कहता है मौसम विभाग?
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, सक्रिय सिस्टम के कारण बुधवार को अधिक जिलों में इसका असर दिखाई देगा। न्यूनतम तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी हो सकती है। गुरुवार को भी ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हल्की बारिश संभव है। इसके बाद सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा और मौसम सामान्य होने लगेगा।

फसलों पर पड़ सकता है असर
फरवरी की शुरुआत में प्रदेश में दो बार ओले और बारिश का दौर आ चुका है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी कराया था। 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

अब सिर्फ रात में रहेगी ठंड
फिलहाल प्रदेश में हल्की ठंड का असर बना रहेगा। रात और सुबह के समय ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने और किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।