मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन हंगामा, राज्यपाल मंगु भाई पटेल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का विरोध। 18 फरवरी को पेश होगा बजट, 6 मार्च तक चलेगा सत्र।

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र इस बार सियासी गर्मी के साथ शुरू हुआ। पहले ही दिन सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब राज्यपाल मंगु भाई पटेल अपने अभिभाषण के लिए खड़े हुए और विपक्ष ने विरोध करना शुरू कर दिया।  16 फरवरी से 6 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद विपक्ष के लगातार हंगामों और गतिरोधों के बीच राज्यपाल मंगु भाई पटेल का अभिभाषण शुरू हुआ।  

राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं 
राज्यपाल पटेल ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और आगामी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में सरकार ने क्या प्रगति की है। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य के लक्ष्यों की भी रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा देश इस समय एक अहम दौर में है, जिसे पीएम नरेंद्र मोदी ने अमृत काल नाम दिया है। इसी को ध्यन में रखते हुए प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

दिवंगत नेताओं-प्रमुख लोगों को दी श्रद्धांजलि  
भाषण के दौरान औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देने, पीएम जनमन योजना के तहत आवास निर्माण, उज्जैन में शिप्रा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयास और नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों को भी सामने रखा गया। इसके अलावा सदन में दिवंगत नेताओं और प्रमुख व्यक्तियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। हालांकि विपक्ष का आरोप था कि कई गंभीर मुद्दों को भाषण में शामिल नहीं किया गया। 

सिंघार ने उठाया दूषित पानी से मौतों का मामला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नल-जल योजना की स्थिति और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मामला उठाया। इसके बाद विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन में शोरगुल बढ़ गया। राज्यपाल ने विरोध के बीच भी अपना भाषण पूरा करने की कोशिश की। राज्यपाल के जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने घोषणा की कि जो हिस्सा पढ़ा नहीं जा सका, उसे भी अभिभाषण का हिस्सा माना जाएगा। अंततः हालात को देखते हुए कार्यवाही को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

6 मार्च तक चलेगा सत्र, 18 को पेश होगा बजट
यह बजट सत्र आज सोमवार 16 फरवरी से शुरू होकर 6 मार्च 2026 तक चलेगा। वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा 18 फरवरी को बजट पेश करेंगे। बजट सत्र के दौरान हजारों प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है। विधानसभा के बजट सत्र के पहले ही दिन जिस तरह का माहौल बना, उससे स्पष्ट संकेत मिल गया है कि आने वाले दिनों में सदन में तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिलने वाला है। सत्र के दौरान विपक्ष पूरी तैयारी के साथ राज्य सरकार को घेरने का प्रयास करेगी।