MP News: बारिश में भीग सकती है दीपावली, तूफान 'दाना' का एमपी में भी होगा असर

storm Dana
X
storm Dana
शहर में दो दिन में रात के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट से शाम से ही हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है। बुधवार को शहर का पारा एक डिग्री गिरकर 20 डिग्री से नीचे आया।

भोपाल( संजीव सक्सेना)। राजधानी सहित कुछ जिलों में इस दीपावली पर बारिश होने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी के अंडमान सागर में उठे तूफान दाना का मामूली असर मध्य प्रदेश में भी पड़ेगा। सबसे ज्यादा असर पूर्वी मप्र और प्रदेश के मध्य हिस्से में दिखाई देगा। हवाएं बदलने से अब ठंड में भी धीरे धीरे बढ़त हो रही है। शहर में गुरुवार की रात इस साल अक्टूबर की सबसे ठंडी रात रही। यहां रात का पारा 1.5 डिग्री गिरकर 18 डिग्री रहा, जबकि दिन का पारा दो डिग्री गिरकर 31 डिग्री पर पहुंच गया है।

मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार हवाएं बदलने और आसमान साफ होने से रात के तापमान में गिरावट हुई। रात का पारा इस साल अक्टूबर का सबसे कम 18 डिग्री रहा। 10 साल में राजधानी में सबसे कम रात का पारा 31 अक्टूबर 2021 में 13 डिग्री तक दर्ज हुआ है। इसके बाद 2016 और 2022 में 14 डिग्री तक रहा है। अक्टूबर वर्ष 2014 से अक्टूबर वर्ष 2023 तक दस साल में वर्ष 2017, 2020 और 2023 में पारा 15 डिग्री के आसपास रहा, जबकि वर्ष 2014, 15, 18 और 2019 में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के करीब रहा है।

अभी यहां है सिस्टम:
शुक्ला के अनुसार अभी उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अति तीव्र चक्रवाती तूफान दाना बना हुआ है। यह पश्चिमी और पश्चिम उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके दो से तीन दिन में मप्र में भी असर दिखेगा। लेकिन करीब एक सप्ताह बाद यानी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच भोपाल सहित प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश हो सकती है। दो दिन में यह स्थिति और साफ हो जाएगी।

दो दिन में 3 डिग्री गिरा पारा:
शहर में दो दिन में रात के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट से शाम से ही हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है। बुधवार को शहर का पारा एक डिग्री गिरकर 20 डिग्री से नीचे आया, जबकि गुरुवार को इसमें करीब 2 डिग्री की और गिरावट के साथ पारा 18 डिग्री पर रहा है। अगले दो दिन में इसमें ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story