MP Crime News : मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पारिवारिक कलह ने एक परिवार बर्बाद कर दिया। पत्नी द्वारा खाना बनाए जाने से मना करने पर पति ने गोलियां उसके सीने में उतार दीं। मामला शहर के थाटीपुर की दर्पण कॉलोनी का है। शनिवार रात करीब 11 बजे गोलियों की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई। इस हत्याकांड की गवाह मृतक की बेटी है।

16 साल पहले हुआ था विवाह
बताया जा रहा है कि, मृतक महिला का नाम रूचि तोमर है। 16 साल पहले उसकी शादी पोरसा के रहने वाले सोनू तोमर से हुई थी। दोनों की 14 वर्षीय बेटी और एक  छोटा बेटा है। कई सालों से यह परिवार इसी कॉलोनी में रह रहा था। जिस समय यह वारदात हुई उस समय सोनू की मां और बच्चे घर पर ही मौजूद थे। 

पत्नी पर चलाईं पांच गोलियां 
खाना बनाने से मना करने पर सोनू और रूचि के बीच विवाद हुआ था। कुछ देर बाद दोनों एक दूसरे पर चिल्लाने लगे। बच्चे डर के कारण दादी के पास जाकर बैठ गए। इधर विवाद के बीच सोनू ने कट्टा निकाला और पांच गोलियां अपनी पत्नी के सिर और सीने में उतार दीं।

मां की लाश देख बेटी चीख पड़ी
गोलियों की आवाज सुनते ही कमरे से 14 वर्षीय बेटी बाहर आई। उसने अपनी मां की खून से लथपथ लाश और पिता के हाथ में कट्टा देखा। डरावना मंजर देखने के बाद उसकी चीखें निकल गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

घटनास्थल से कारतूस बरामद
फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से चले हुए कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। इस तरह पारिवारिक कलह ने दो बच्चों से उनकी मां को छीन लिया। उनकी मां की हत्या के आरोप में अब पिता भी जेल में है।