Morena News: मध्यप्रदेश। मुरैना में रेत माफियाओं का आतंक जारी है। बुधवार सुबह जानकारी सामने आई है कि, रेत मफिया द्वारा वन रक्षक को ट्रैक्टर से कुछ दिया गया। वन विभग की टीम अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी उसी दौरान हमला हुआ। हमले के कारण वन रक्षक हरकेश गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दिमनी थाना क्षेत्र की है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली वन रक्षक पर चढ़ा दी
पुलिस के अनुसार, अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभग की 6 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची थी। टीम को देखकर ट्रैक्टर ट्रॉली से रेत ले जा रहे आरोपी ड्राइवर ने भागने की कोशिश की। रानपुर गांव चौराहे पर वन रक्षक हरकेश गुर्जर ने उसे रोकने की कोशिश की। तभी आरोपी ड्राइवर आगे बढ़ा और ट्रैक्टर-ट्रॉली वन रक्षक पर चढ़ा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
कलेक्टर, एसपी मौके पर पहुंचे
आरोपी ड्राइवर का नाम विनोद कोरी है। पेट्रोल-पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी ड्राइवर की तस्वीर कैद हो गई है। मामले की सूचना मिलने पर कलेक्टर, एसपी और डीएफओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने टीम के अन्य सदस्यों से बात की। मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी ली गई है।
जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले पर ट्वीट करते हुए कहा - 'मध्यप्रदेश में अब भाजपा का नहीं, माफिया का राज चल रहा है। मुरैना में रेत माफिया इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन्होंने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया और आरक्षक हरकेश गुर्जर जी को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला। क्या मोहन यादव जी के शासन में वन आरक्षक भी सुरक्षित नहीं हैं? क्या मध्य प्रदेश पुलिस माफिया के आगे नतमस्तक हो चुकी है? क्या मोहन यादव जी से गृह विभाग नहीं संभल पा रहा है? एक कमजोर गृह मंत्री के कारण एक और सरकारी आरक्षक की हत्या हो गई। आखिर यह नाकामी और कितने निर्दोष प्रदेशवासियों की जान लेगी।'
आरोपी की गिरफ्तारी के टीम गठित
वन रक्षक हरकेश गुर्जर का शव अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग और पुलिस टीम मिलकर इस मामले की जांच कर रहे हैं। अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रेत माफिया के खिलाफ चलाएंगे अभियान
वन विभाग की टीम पर हुए इस हमले के बाद प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। एक ओर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन ने रेत माफिया के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि, अवैध रेत परिवहन की सूचना प्रशासन को दी जाए।
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)