जबलपुर। शहर में शनिवार देर रात एक लग्जरी कार चालक नने सड़क पर ऐसा उत्पात मचाया कि कुछ ही मिनटों में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और अनेक लोग घायल हो गए। यह घटना ओमती थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि रात लगभग 11:50 बजे भंवरताल गार्डन से एक एमजी कार चालक ने रसल चौक तक खौफनाक तेजी से गाड़ी चलाकर कई वाहनों को क्षतिग्रस्त और एक पुलिसकर्मी समेत 5 से अधिक लोगों को घायल कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधी रात को कार असामान्य गति से फर्राटा भर रही थी और चालक वाहन को टीक से नियंत्रण नहीं रख पा रहा था।
लोगों को रौंदती-टकराती बढ़ती रही कार
कार भंवरताल की ओर से रसल चौक की ओर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदती-टकराती आगे बढ़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आगे बढ़ते हुए कार ने एक युवती और अन्य राहगीरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार अनियंत्रित गति से भाग रही थी, लेकिन चालक ने उसे रोकने या गति करने का प्रयास नहीं किया। वह आराम से कार में बैठा गति का आनंद लेता रहा और राहगीरों चपेट में लेता रहा।
गैस सिलेंडर से भरे वाहन को टक्कर मारी
इनकम टैक्स कार्यालय के पास हालात और गंभीर हो गए। वहां कार ने एक गैस सिलेंडर से भरे वाहन को टक्कर मारी। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और आसपास खड़ी तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई बाइक्स भी गिरकर टूट-फूट गईं। सड़क पर कुछ देर के लिए दहशत का वातावरण बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। अंत में यह अनियंत्रित कार मिंट पार्क की दीवार से टकरा कर रुकी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अंत में दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई कार
हादसे में कार चालक अनुराग सोनी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी आदित्य, युवक साहिल और एक 14 वर्षीय किशोर भी शामिल हैं। सभी लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है।










