इंदौर। स्थानीय चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित ताप्ती परिसर में एक 23 वर्षीय युवक ने देर रात अपनी रिहायशी इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। यह घटना रात 2 से 3 बजे के बीच की बताई जाती है। मृतक की पहचान राज मकवाना पिता मनोज मकवाना के रूप में की गई है। राज स्वास्थ्य समस्याओं के साथ भारी मानसिक तनाव से गुजर रहा था। परिवार ने बताया कि बीती रात राज को घुटन और बेचैनी महसूस हो रही थी, इसलिए वह बिल्डिंग के नीचे टहलने के लिए चला गया था।
मानसिक रूप से अस्वस्थ था राज
देर रात उसे बाहर घूमते देख चौकीदार ने सवाल किए, जिससे कहासुनी की स्थिति बन गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पुलिस के जवान भी आ गए। पुलिसकर्मियों ने भी उससे पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने राजय को थप्पड़ मार दिया। परिजनों का आरोप है कि इसी घटनाक्रम के बाद राज बुरी तरह घबरा गया। घरवालों ने बताया कि पुलिस से बातचीत में राज ने अपनी तबीयत खराब होने की बात बताई और देर रात घूमने के लिए माफी भी मांगी।
थप्पड़ मारने से घबरा गया राज
इसके बाद भी एक जवान ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे वह बहुत बुरी तरह डर गया। इसके बाद वह अपने फ्लैट में चला गया। इस घटना से वह बहुत बुरी तरह घबरा गया। वह बार-बार फ्लैट के अंदर और बाहर जाने लगा। वह इस घटना को सहन नहीं कर पा रहा था। कुछ देर बाद वह इमारत की ऊपरी मंजिल पर पहुंचा और नीचे छलांग लगा दी। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना से सदमे में पूरा परिवार
राज की मां ने बताया कि उन्होंने उससे दो बार अंदर आने को कहा। लेकिन उसने नहीं सुनी और अंततः कूदकर जान दे दी। इस घटना से परिवार को बड़ा सदमा लगा है। पूरी रात परिजन अस्पताल के बाहर बैठे रहे। परिवार ने बताया कि राज लंबे समय से अस्वस्थ था और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। वह कई महीनों से घर पर ही रह रहा था। उसके पिता पेशे से शेफ हैं, मां गृहिणी और बहनें भी काम करती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









