होली पर भोपाल मंडल से चार जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रीवा, रानी कमलापति, भोपाल और दानापुर के बीच चलने वाली इन ट्रेनों की टाइमिंग और बुकिंग जानकारी के लिए पढ़ें पूरी खबर।

भोपाल। होली के त्योहार के दौरान होने वाली अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए रेलवे प्रशासन ने भोपाल मंडल से चार जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। त्योहार के समय बड़ी संख्या में लोग अपने गृह नगर जाने और वापस लौटने के लिए यात्रा करते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों में भारी दबाव बढ़ जाता है। इसी अतिरिक्त भीड़ को कम करने के उद्देश्य से इन स्पेशल ट्रेनों को संचालित करने का निर्णय लिया गया है। यात्री इन होली विशेष ट्रेनों के टिकट किसी भी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र से या ऑनलाइन इंडिनय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट के माध्यम से बुक कर सकते हैं।

पहली विशेष ट्रेन जोड़ी ट्रेन संख्या 02192/02191 रीवा-रानी कमलापति-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल है, जो एक-एक फेरे लगाएंगी। ट्रेन संख्या 02192 रीवा-रानी कमलापति स्पेशल 28 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे रीवा से रवाना होगी और उसी दिन रात 9:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 02191 रानी कमलापति-रीवा स्पेशल 28 फरवरी को रात 10:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे रीवा स्टेशन पहुंचेगी।

दूसरी जोड़ी ट्रेन संख्या 02186/02185 रीवा–रानी कमलापति–रीवा सुपरफास्ट स्पेशल है, जो दो-दो फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 02186 रीवा-रानी कमलापति स्पेशल 2 मार्च और 3 मार्च को दोपहर 12:30 बजे रीवा से रवाना होगी और उसी दिन रात 9:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 02185 रानी कमलापति–रीवा स्पेशल 2 मार्च और 3 मार्च को रात 10:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन से चलेगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे रीवा स्टेशन पहुंचेगी।

तीसरी जोड़ी ट्रेन संख्या 01704/01703 भोपाल–रीवा–भोपाल स्पेशल है, जो एक-एक फेरा करेगी। ट्रेन संख्या 01704 भोपाल–रीवा स्पेशल 5 मार्च को सुबह 10:30 बजे भोपाल से रवाना होगी और उसी दिन रात 8:45 बजे रीवा स्टेशन पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 01703 रीवा–भोपाल स्पेशल 5 मार्च को रात 10:20 बजे रीवा से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 9:05 बजे भोपाल स्टेशन पहुंचेगी। चौथी जोड़ी ट्रेन संख्या 01667/01668 रानी कमलापति–दानापुर–रानी कमलापति स्पेशल है, जो दो-दो फेरे लगाएगी। 

ट्रेन संख्या 01667 रानी कमलापति–दानापुर स्पेशल 27 फरवरी और 2 मार्च को दोपहर 2:25 बजे रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:45 बजे दानापुर स्टेशन पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 01668 दानापुर–रानी कमलापति स्पेशल 28 फरवरी और 3 मार्च को सुबह 11:15 बजे दानापुर स्टेशन से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:55 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।