ग्वालियर। शहर में दोपहर के समय हुई एक सनसनीखेज लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे क्रॉसिंग के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने कोटा के ऑटो स्पेयर पार्ट व्यापारी भरत भुटानी को निशाना बनाते हुए 12 लाख रुपए के सोने के आभूषण छीन लिए। यह घटना पड़ाव थाना क्षेत्र में गुरुवार करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच की है।
जानकारी के अनुसार, कोटा निवासी ऑटो स्पेयर पार्ट्स कारोबारी भरत भुटानी एक्टिवा से तानसेन नगर की ओर जा रहे थे। वह अपने एक परिचित व्यापारी से मिलने निकले थे, लेकिन रास्ता भटककर रेलवे लाइन की तरफ पहुंच गए।
घात लगाए बैठे थे नकाबपोश बदमाश
इसी दौरान, पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने सबसे पहले उनकी आंखों में मिर्ची स्प्रे छिड़क दिया, जिससे वे असहाय हो गए। इसके बाद आरोपियों ने कट्टे जैसी हथियारनुमा वस्तु दिखाकर उनके गले में पहनी करीब आठ तोला वजनी सोने की चेन और हाथ का कड़ा छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचे और पूरी जानकारी पुलिस को दी।
27 को कोटा से ग्वालियर आए थे भुटानी
व्यापारी ने बताया कि लूटे गए जेवरों की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस कुछ बिंदुओं पर संदेह भी जता रही है। भरत भुटानी ने यह भी बताया कि वे 27 फरवरी को कोटा से ग्वालियर आए थे। होली के अवसर पर आदर्श रामलीला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वे शहर में रुके हुए थे।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रामलीला में विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक पात्रों की भूमिका निभाते रहे हैं। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने पहले उन्हें गलत दिशा बताई और फिर हमला कर दिया। पुलिस टीम आसपास के फुटेज के अलावा अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने शहर में दिनदहाड़े बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।