Gwalior Unique case of marriage: शादी में अचानक दुल्हन का मूड खराब हो गया। लड़की जैसे ही स्टेज पर जयमाला लेकर आई और दूल्हे का चेहरा देखा तो उखड़ गई। दूल्हे का चेहरा पसंद नहीं आने पर लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। स्टेज पर दुल्हन ने जयमाला भी फेंक दी। वर-वधु पक्ष के लोगों ने समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लड़की ने शादी करने से साफ मना कर दिया। मामला ग्वालियर के उटीला की है। आखिर में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता तोड़ना स्वीकार करते हुए उटीला थाना में लिखित राजीनामा पेश किया है। 

सबने समझाया लेकिन किसी की नहीं सुनी 
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी ममता (22) की सगाई उटीला निवासी अनिल सिंह से हुई थी। गुरुवार को शादी का कार्यक्रम उटीला में हो रहा था। रात 10 बजे बारात आई। जयमाला के लिए दूल्हा स्टेज पर जाकर बैठ गया। दुल्हन सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुंची। जयमाला डालते समय दुल्हन ने जब दूल्हे की शक्ल देखी को लड़की भड़क गई। दुल्हन ने जयमाला डालने से इनकार कर दिया। दुल्हन का इनकार सुनते ही शादी के पंडाल में सब हैरान रह गए। सबने समझाया लेकिन दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।  

जिसकी फोटो दिखाई, यह वो लड़का नहीं 
दुल्हन का कहना है कि उसे जिस लड़के की फोटो दिखाई गई थी। यह वो लड़का नहीं है। लड़की ने यह भी कहा कि उसकी सिर्फ लड़के से फोन पर बात हुई है। दुल्हन ने कहा कि शादी के लिए दबाव बनाया तो वो अपनी जान दे देगी। दोनों पक्षों के लोग हंगामा करने लगे। हंगामा बढ़ा तो उटीला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लड़की को समझाया लेकिन लड़की समझने को तैयार नहीं थी। आखिर में रिश्ता टूट गया और बारात लौट गई। पुलिस का कहना है कि दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया है। जिस पर विवाद और हंगामा हो गया था। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बात नहीं बनी।