भोपाल मेट्रो के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। 3 अप्रैल से ट्रेन सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। सिग्नलिंग और टनल निर्माण कार्य तेज करने के लिए यह फैसला लिया गया है।

 भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो ट्रेन के संचालन के समय में बदलाव किया गया है। यह परिवर्तन 3 अप्रैल, शुक्रवार से लागू होगा। नए शेड्यूल के अनुसार अब मेट्रो ट्रेन सुबह 11 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे तक संचालित की जाएगी। पहले मेट्रो सेवा दोपहर 12 बजे से रात 7:30 बजे तक चल रही थी। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य सिग्नलिंग प्रोजेक्ट के बचे हुए कार्य को तेजी से पूरा करना है, ताकि भविष्य में मेट्रो संचालन और अधिक सुचारू और सुरक्षित बनाया जा सके।

समय में यह बदलाव अस्थाई 
गौरतलब है कि मेट्रो के शुभारंभ के बाद से यह सेवा सुभाष नगर स्टेशन से लेकर एम्स तक संचालित हो रही है, जिसमें कुल आठ स्टेशन शामिल हैं। यात्रियों को इस रूट पर नियमित सुविधा मिल रही है, लेकिन अब तकनीकी कार्यों के चलते समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से परियोजना के कार्य में तेजी आएगी और आगे चलकर यात्रियों को बेहतर सेवा मिल सकेगी। इसी बीच मेट्रो परियोजना के तहत टनल निर्माण का काम भी जल्द शुरू होने वाला है। 

दो-तीन दिन में शुरु होगी खुदाई
टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) दुर्गावती अगले दो से तीन दिनों में खुदाई का कार्य शुरू करेगी। फिलहाल मशीन के संचालन के लिए जरूरी सिंक्रोनाइजेशन का काम किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस मशीन को हाल ही में 24 मीटर की गहराई तक उतारा गया है। सामान्य परिस्थितियों में यह मशीन प्रतिदिन लगभग 14 मीटर तक खुदाई कर सकती है, लेकिन भोपाल में चट्टानी जमीन होने के कारण इसकी गति घटकर 5 से 7 मीटर प्रतिदिन रहने की संभावना है। 

दो माह में पूरी हो जाएगी टनल  
इसके अलावा एक दूसरी टनल बोरिंग मशीन अहिल्याबाई को भी तैयार रखा गया है, जिसे तब शुरू किया जाएगा जब पहली मशीन लगभग 50 मीटर तक सुरंग खोद लेगी। पूरी टनल निर्माण प्रक्रिया में कम से कम दो महीने का समय लग सकता है। इसके बाद अगले चरण में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जो करीब डेढ़ साल तक चलने की संभावना है। यह टनल शहर के पुराने रेलवे स्टेशन के पास से शुरू होकर पुल पातरा क्षेत्र तक जाएगी। सुरंग में दो मेट्रो ट्रैक बनाए जाएंगे, जिनमें एक अप और एक डाउन लाइन होगी।