मध्यप्रदेश की राजधानी Bhopal एक बार फिर साइबर ठगों के निशाने पर है। पिछले 30 घंटों में शहर के अलग-अलग इलाकों में साइबर फ्रॉड के 34 मामले दर्ज किए गए हैं।

मध्यप्रदेश की राजधानी Bhopal एक बार फिर साइबर ठगों के निशाने पर है। पिछले 30 घंटों में शहर के अलग-अलग इलाकों में साइबर फ्रॉड के 34 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में करीब 1 करोड़ 53 लाख 76 हजार 531 रुपए की ठगी सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस की लगातार जागरूकता मुहिम के बावजूद ठगी के मामलों में कमी नहीं आ रही है।

जानकारी के मुताबिक, शहर के 12 थानों में इन मामलों की एफआईआर दर्ज हुई है। साकेत नगर के रहने वाले राजेश से व्हाट्सएप ग्रुप फॉलो कर कमाई का लालच देकर करीब 50.98 लाख रुपए ठग लिए गए। वहीं कमला नगर थाना क्षेत्र में विदेशी ट्रेडिंग के नाम पर एक व्यक्ति से 23 लाख रुपए की ठगी की गई। हबीबगंज इलाके में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपए ऐंठ लिए गए।

पिपलानी थाना क्षेत्र में एक महिला से 12 लाख 25 हजार रुपए ठग लिए गए। वहीं बागसेवनिया इलाके में बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर मोबाइल एप डाउनलोड करवाया गया और उसके जरिए करीब 12 लाख रुपए उड़ा लिए गए।

लगातार बढ़ते मामलों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। साइबर सेल द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनजान लिंक, कॉल या ऐप से सावधान रहें और किसी भी लालच या धमकी में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।

विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया, फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और जॉब ऑफर के नाम पर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।