बालाघाट। नियति का क्रूर खेल कहें या महज एक पल की झपकी, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ दी। शनिवार की देर रात बैहर-मलाजखंड रोड पर एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। एक चलती आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई और देखते ही देखते 'आग का गोला' बन गई। इस भीषण अग्निकांड में ससुर, बहु और तीन साल के मासूम की कार के भीतर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद आग का गोला बनी कार
जानकारी अनुसार, शनिवार की रात तकरीबन 11.30 बजे के आसपास बैहर से मलाजखंड रोड पर कोयलारी चौराहे के समीप चलती अल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद उसमें अचानक आग लग गई। आग ने इतनी जल्दी विकराल रूप ले लिया कि उसमें सवार लोगों को निकलने तक का मौका नहीं मिल पाया। दुर्घटना के बाद आग का गोला बनी कार से राह चलते लोगों ने तीन लोगों को किसी तरह बाहर निकाला, जिनमे दो गंभीर रूप से जल चुके थे, वहीं भीषण आग के कारण तीन लोगों को नहीं निकाला जा सका और वे कार के अंदर ही जिंदा जल गए। जबकि एक 8 साल की बच्ची को सलामत निकाल लिया गया।
अचानक नींद की झपकी लगने से हुई दुर्घटना
बैहर-मलाजखंड मार्ग पर केवलारी चौराहे के पास देर रात हुई हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि मृतक केलकर परिवार मूलत: परसवाड़ा के पोंडी गांव का निवासी है, जो मलाजखंड के पौनी गांव में वेल्डिंग का कार्य करता था। दो दिन पूर्व अष्टमी पूजा के लिए परिवार अपने पैतृक गांव पोंडी आया हुआ था और बीती रात अल्टो कार से पूरा परिवार वापस लौट रहा था, लेकिन लौटते समय यह हादसा हो गया। कार चला रहे बेटे को अचानक नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के मुखिया नाराजरची केलकर 65 वर्ष, उनकी बहू साविता केलकर 30 वर्ष और मासूम नाती अभी केलकर 3 वर्ष की मौके पर ही जिन्दा जलने से मौत हो गई। वहीं बेटा सितम केलकर 32 वर्ष और उनकी माँ नानाबाई केलकर 55 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए गोंदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन उनकी भी हालात नाजुक बताई जा रही है।
घटना के समय कार में मौजूद पड़ोसी 8 वर्षीय मासूम पूर्वी राहगडाले सुरक्षित बच गईं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। घटना की जानकारी लगने पर लोगो मौके पर पहुचे थे और उन्होंने 3 लोगो को कार से बाहर निकाला, लेकिन आग की लपटो के साथ उनकी हिम्मत भी दम तोड़ चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।