Bhopal News : भोपाल। प्रदेश की राजधानी में चलाए गए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। समीक्षा के दौरान जिन मतदाताओं ने वर्ष 2003 से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया, उन्हें नो मैपिंग श्रेणी में रखकर नोटिस जारी किए गए। ऐसे कुल 1 लाख 16 हजार 925 मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। इनमें 11 हजार 570 लोग मांगे गए दस्तावेज नहीं दे पाए। इन्हीं के नाम काटे गए हैं।
ड्राफ्ट रोल से भी हटाए गए थे नाम
पर्याप्त प्रमाण न होने के कारण उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। इससे पहले जारी प्रारूप सूची (ड्राफ्ट रोल) में भी 4 लाख 38 हजार नाम विलोपित किए जा चुके थे। पूरी प्रक्रिया के बाद अब जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 45 हजार 453 दर्ज की गई है। इनमें 8 लाख 88 हजार 530 पुरुष, 8 लाख 56 हजार 851 महिला तथा 72 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इस विशेष पुनरीक्षण अभियान की निगरानी केद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा की गई। आयोग ने पहले ही निर्देश दिया था कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर लगभग 1200 मतदाताओं का संतुलन रखा जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
नाम हटा तो फिर कर सकते हैं आवेदन
इसी निर्देश के अनुरूप भोपाल जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की संख्या 2029 से बढ़ाकर 2289 कर दी गई। इस प्रकार 260 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे मतदाताओं को अपने क्षेत्र में अधिक सुविधा मिल सके। अंतिम सूची जारी होने के बाद अब नागरिक अपने नाम की पुष्टि करने में जुटे हैं। कई लोग ऑनलाइन पोर्टल और संबंधित कार्यालयों में जाकर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। हालांकि जिन लोगों के नाम हटे हैं, वे भविष्य में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पुनः आवेदन कर सकते हैं।