MP Weather Update: न्यूनतम तापमान में आई गिरावट, 9 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, सर्दी का अलर्ट जारी

mp में ठंड का कहर
मध्य प्रदेश में सर्दी अब तेज रफ्तार पकड़ने लगी है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात एमपी के 9 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। सबसे ठंडा स्थान रहा पचमढ़ी, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी। नवंबर में रिकॉर्ड बनाने वाली सर्दी दिसंबर में भी अपना असर दिखाएगी। 5 से 7 दिसंबर के बीच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तरी भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसका असर सीधे मध्य प्रदेश पर पड़ेगा और 7 दिसंबर से उत्तर की बर्फीली हवाएं उज्जैन, ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में सर्दी बढ़ा देंगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और नर्मदापुरम में भी कड़ाके की ठंड के आसार हैं।
बीती रात किन शहरों में गिरा पारा?
बीती रात एमपी के कई शहरों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरा।
सबसे ठंडे शहर रहे:
पचमढ़ी – 6.6°C
कल्याणपुर (शहडोल) – 7.4°C
शाजापुर – 7.9°C
मुरैना – 8.5°C
ग्वालियर – 8.6°C
उमरिया – 9.1°C
दतिया – 9.3°C
राजगढ़ – 9.4°C
रीवा – 9.8°C
वहीं बड़े शहरों में:
इंदौर – 10.2°C
जबलपुर – 11.4°C
भोपाल – 11.6°C
उज्जैन – 13°C
इन आंकड़ों से साफ है कि सर्दी अब अपनी पूरी ताकत दिखाने वाली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाने की संभावना जताई है।
