MP Weather Today, 30 December: मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड, 4 डिग्री से नीचे पारा, 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक स्कूल बंद

Madhya Pradesh Weather Today 30 December
X

Madhya Pradesh Weather Today 30 December: मध्य प्रदेश के 25 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।

MP Weather Update, 30 December: मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जिलों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, घने कोहरे और शीतलहर के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है।

Madhya Pradesh Weather Today, 30 December: मध्यप्रदेश में सर्दी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्से इन दिनों भीषण ठंड, घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तरी हवाओं के चलते रात का तापमान तेजी से गिर रहा है, जबकि दिन में भी ठिठुरन बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में पारा 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

3.8 डिग्री के साथ कल्याणपुर सबसे ठंडा

बीती रात शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा राजगढ़, पचमढ़ी, रायसेन और शाजापुर जैसे इलाकों में भी कड़ाके की ठंड देखने को मिली। सुबह के समय कई जगहों पर ओस जमने जैसी स्थिति बनी रही।

कोहरे से रेल यातायात प्रभावित

घने कोहरे का असर जनजीवन पर भी साफ नजर आ रहा है। मंगलवार सुबह भोपाल, इंदौर और उज्जैन रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें 4 से 5 घंटे की देरी से चलीं। विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण सड़क यातायात पर भी असर पड़ा।

31 दिसंबर से 4 जनवरी तक स्कूल बंद

तेज ठंड को देखते हुए प्रदेश सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक विंटर वेकेशन घोषित कर दिया है। इस अवधि में UKG से 12वीं तक सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।

जेट स्ट्रीम बनी ठंड की बड़ी वजह

मौसम विभाग के अनुसार ऊपरी वायुमंडल में जेट स्ट्रीम की गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा दर्ज की गई है। इसी कारण दिन और रात दोनों समय ठंड का असर बना हुआ है। बीते 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, राजगढ़ और शहडोल समेत कई जिलों में शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई।

इन जिलों में कोहरा सबसे ज्यादा असरदार

ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र में कोहरे ने सबसे ज्यादा परेशानी बढ़ाई है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, भोपाल, विदिशा, शाजापुर और रायसेन जैसे जिलों में सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रही।

25 से ज्यादा शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

प्रदेश के 25 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।

  • भोपाल: 5.6 डिग्री
  • इंदौर: 6.4 डिग्री
  • ग्वालियर: 9 डिग्री
  • जबलपुर: 8 डिग्री
  • उज्जैन: 9.5 डिग्री

इसके अलावा पचमढ़ी, मंडला, मलाजखंड, खजुराहो, दमोह, छिंदवाड़ा, सागर, गुना, बैतूल और सतना में भी तेज ठंड बनी हुई है।

दिन में भी नहीं मिली राहत

सोमवार को दिन के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 16 डिग्री से नीचे चला गया, जबकि रीवा, नौगांव, खजुराहो और टीकमगढ़ में दिन का तापमान 20 से 21 डिग्री के बीच रहा।

नवंबर-दिसंबर में टूटे पुराने रिकॉर्ड

इस साल सर्दी ने नवंबर और दिसंबर में कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भोपाल में नवंबर के दौरान लगातार 15 दिन तक शीतलहर चली, जो 1931 के बाद सबसे लंबा दौर माना जा रहा है। वहीं इंदौर में भी करीब 25 साल बाद इतनी ठंडी रात दर्ज की गई है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story