MP में बारिश: सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के 20 जिलों में बाढ़, 15 की मौत

MP में बारिश : सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के 20 जिलों में बाढ़, 15 की मौत
X

MP में बारिश : सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के 20 जिलों में बाढ़, 15 की मौत 

मध्यप्रदेश में मानसून ने मचाई तबाही। सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के 20 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश। जानिए जिलेवार स्थिति

MP Weather Rain Update : मध्यप्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश से हालात भयावह हैं। सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के 20 से ज्यादा जिलों में बाढ़ की स्थिति है। अलग-अलग घनाओं में 15 लोगों ने जान गंवा दी। कई लापता हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के घाट तो खजुराहो स्टेशन के प्लेटफार्म डूब गए। रीवा एयरपोर्ट की दीवार ढह गई। छतरपुर-टीकमगढ़ हाइवे और मैहर-सतना रोड पर पानी भर गया।

मध्य प्रदेश के मंडला जिले में बाढ़ और जलभराव से पिछले 24 घंटे में 7 लोगों ने जान गंवाई है। जबकि, दो लापता हैं। वहीं दतिया जिले के इंदरगढ़ में निर्माणाधीन तालाब में 3 बच्चियां डूब गईं। सीधी और गुना जिले में 2-2 बच्चों की डूबने से मौत हुई है। शहडोल के देवलौंद में मकान गिरने से पुजारी रामधनी बैस (80) और सतना के रैगांव क्षेत्र में एम्बुलेंस न पहुंच पाने से गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया है।

MP Heavy Rain: संभागवार स्थिति

रीवा संभाग

  • रीवा: 8 इंच बारिश, एयरपोर्ट की दीवार ढही। बीहर नदी का जलस्तर उफान पर। गुढ़ विधायक नागेंद्रे सिंह के घर में घुसा पानी।
  • सतना जिले में 3.2 इंच बारिश, उचेहरा कावराह तिराहा पुल डूबा, सतना-मैहर मार्ग पर पानी भरा। रैगांव क्षेत्र के द्वारी गांव में जलभराव और बारिश के चलते एम्बुलेंस न मिल पाने से गर्भवती महिला की मौत हो गई।
  • चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जल स्तर बढ़ने से घाट और सड़कें जलमग्न हैं। एमपी टूरिज्म की होटल में पानी भर गया। कई श्रद्धालु बाढ़ में फंसे हुए हैं।
  • सीधी जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 7.5 इंच बारिश हुई है। मकानों में पानी भर गया। रेलवे ब्रिज के पास बने गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई।
  • मैहर में जोरदार बारिश के चलते सड़कों पर 3 फीट पानी भर गया। मां शारदा मंदिर मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। दीवार गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।

जबलपुर संभाग

  • जबलपुर में लगातार बारिश से बरगी डैम का जलस्तर 416.50 मीटर पहुंच गया। जल संसाधन विभाग ने 5 गेट खोल दिए हैं।
  • मंडला में भारी बारिश, बाढ़ और जलभराव से पिछले 24 घंटे के दौरान 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 2 लोग लापता हैं। 300 मकान क्षतिग्रस्त हुए है। बचाव दल ने 312 लोग रेस्क्यू कर बचाया।
  • उमरिया जिले में भारी बारिश से जलभराव के हालात हैं। प्रशासन ने जोहिला डैम के गेट खोल दिए हैं। निचले इलाकों में रह रहे परिवारों को अलर्ट किया है।
  • छिंदवाड़ा में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर लगातार तेज बारिश हो रही है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
  • कटनी जिले में जलभराव के कारण सड़कें बंद हैं। ग्रामीण परेशान हैं।

सागर संभाग

  • सागर जिले में पिछले 24 घंटे में 43.7 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश से बामनदेही नदी का पुल ओवरफ्लो है।
  • छतरपुर में खजुराहो में रेलवे अंडरपास में पानी भर गया। बमीठा हाईवे पर पानी भर जाने से
    आवागमन बंद है। बन्ने नदी ओवरफ्लो होने से 5 लोग फंसे हुए है।
  • टीकमगढ़ में 3.6 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। छतरपुर हाईवे बंद है। कोतवाली क्षेत्र में मकान गिरने से कई लोग जख्मी हैं।
  • दमोह में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है। कलेक्टर ने स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
  • पन्ना जिले में तेज बारिश का दौर जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story