प्रतापगढ़ में ड्रग तस्करी का भंडाफोड़: डेढ़ करोड़ की एमडी ड्रग जब्त, दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

MP News : प्रतापगढ़ में डेढ़ करोड़ की एमडी ड्रग जब्त, फरार आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट- गुरजीत कौर: मध्यप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक कीमत की अवैध एमडी ड्रग के साथ दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक गुलशेर लाला है, जबकि दूसरा भावगढ़ हत्याकांड में पैरोल से फरार चल रहा नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार बताया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा दोनों के पास से अवैध डोडाचूरा भी मिला है, जिसकी कीमत लगभग 7 हजार रुपए बताई जा रही है।
दोनों आरोपी पुराने और कुख्यात बदमाश
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गुलशेर लाला पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार भी हत्या सहित गंभीर अपराधों में आरोपी है और पैरोल पर रिहा होने के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना से मिली बड़ी सफलता
जानकारी के अनुसार 1 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवलजी, प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग की सप्लाई के लिए मंदसौर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
वाहन और अन्य सामान भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एमडी ड्रग के साथ-साथ घटना में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नशे के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
