MP News Live Today 5 July 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें

MP News Live Today 5 July 2025
MP News Live Today 5 July 2025: मध्य प्रदेश में शनिवार (5 जुलाई) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।
MP News 5 July 2025 ताज़ा अपडेट्स
Live Updates
- 5 July 2025 8:50 AM
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी का एमपी दौरा
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी शनिवार से चार दिवसीय एमपी दौरे पर रहेंगे। हरीश संगठन की बैठक लेंगे। दोपहर 12 बजे राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3 बजे संगठनात्मक समीक्षा बैठक करेंगे। 6 जुलाई को दोपहर 12 बजे कांग्रेस दफ्तर में विचार विभाग के साथ संवाद करेंगे। दोपहर 1 बजे प्रशिक्षण टीम के साथ संवाद करेंगे और दोपहर 3 बजे मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। 7 जुलाई को प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी विदिशा जाएंगे। शमशाबाद और कुरवाई विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 8 जुलाई को अशोक नगर में न्याय से सत्याग्रह में शामिल होंगे। - 5 July 2025 8:48 AM
CM मोहन और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ग्वालियर को देंगे सौगात
ग्वालियर में शनिवार (5 जुलाई) को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर पहुंचेंगे। सीएम भोपाल से और केन्द्रीय मंत्री सिंधिया दिल्ली से दोपहर 3 बजे ग्वालियर जाएंगे। वे 281.71 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्य व योजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन कर शहर वासियों को सौगात देंगे। यह कार्यक्रम ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह तथा सांसद भारत सिंह कुशवाह की उपस्थिति में होगा। - 5 July 2025 8:46 AM
₹20 में इलाज करने वाले डॉक्टर का निधन
पद्मश्री से सम्मानित मध्यप्रदेश के 79 वर्षीय डॉक्टर मुनीश्वर चंद्र डावर का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। जबलपुर के मदनमहल क्षेत्र में रहने वाले डॉ. डावर कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। इन्हें गरीबों का मसीहा कहा जाता था। वजह यह थी कि पूरी जिंदगी लाखों मरीजों को इलाज करने वाले डॉक्टर सिर्फ 20 रुपए फीस लेते थे। डॉ. डावर को 2023 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जब जबलपुर दौरे पर आए थे तो व्यक्तिगत रूप से उन्होंने केवल डॉक्टर डावर से ही मुलाकात की थी। - 5 July 2025 8:45 AM
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। कुछ जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर, मंडला, बालाघाट, कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, विदिशा, सीहोर, रायसेन और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। भोपाल, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, देवास, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश होने का अलर्ट है। बाकी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।
