MP News Live Today: मध्य प्रदेश की आज की बड़ी खबरें- एक क्लिक में पढ़ें

MP News Live Today: मध्य प्रदेश में शनिवार (14 जून) को कहा क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।
MP News 14 June 2025 ताज़ा अपडेट्स
Live Updates
- 14 Jun 2025 5:50 PM
प्री मानसून बारिश: उज्जैन में पेड़ गिरा, एक घंटे खड़ी रही ट्रेन
मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री से पहले शनिवार को आंधी-तूफान और बारिश ने कई जिलों में जमकर तबाही मचाई। उज्जैन में तेज आंधी के कारण बेरछा और पीर अमरूद के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गया। जिससे भोपाल-दाहोद एक्सप्रेस (19340) को करीब एक घंटे रोकना पड़ा। वहीं नीमच में मकान पर लगा टीनशेड उड़ गया। पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की है। जबलपुर के रांझी, गोपालपुर, जीसीएफ क्षेत्र में भी झमाझम बारिश हुई। शाजापुर और सागर में भी बारिश की संभावना है।
- 14 Jun 2025 5:42 PM
जबलपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, 50 गिरफ्तार
जबलपुर में कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। मदन महल से जमुना तक फ्लाईओवर के आधिकारिक उद्घाटन में देरी का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता इसके उद्घाटन करने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए और पानी की बौछारें कीं। इस दौरान करीब 50 लोगों की गिरफ्तारी की गई।एएसपी समर वर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ। इसके बावजूद, उनके द्वारा इसका उद्घाटन करने के लिए अनावश्यक रूप से आह्वान किया गया।
- 14 Jun 2025 5:00 PM
बालाघाट में 4 नक्सली ढेर
मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में शनिवार, 14 जून को बड़ी मुठभेड़ हुई। इसमें चार नक्सली मारे गए हैं। यह कार्रवाई हॉक फोर्स और MP पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में पचामा दादर के पहाड़ी क्षेत्र में की गई।
- 14 Jun 2025 11:32 AM
डिंडौरी: घर में फंदे पर लटके मिले मां और दो बच्चे
मध्यप्रदेश के डिंडौरी में बड़ी घटना हो गई। एक घर में मां और दो बच्चों के शव फंदे पर लटके मिले। पिता जब घर लौटे तब पता चला। बच्चों के हाथ-पैर बंधे थे। पिता ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घर सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मेहदवानी थाना क्षेत्र के कुम्हारिन टोला में शुक्रवार रात की है। - 14 Jun 2025 11:07 AM
रतलाम: बिजली-पेड़ गिरने से 4 की मौत
रतलाम जिले में शुक्रवार को आंधी-तूफान ने कहर ढाया। जावरा के मोयाखेड़ा में 15 वर्षीय बालिका और तंबोलिया में युवती की मौत हो गई। पिपलौदा क्षेत्र में बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, आलोट में आंधी-तूफान से जोयन गांव में श्यामू बाई की मौत हो गई।
- 14 Jun 2025 9:11 AM
सीएम मोहन यादव आज, कब कहां रहेंगे
मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 11 बजे सुशासन भवन पहुंचेंगे। यहां बैक टू बैक बैठके करेंगे। दोपहर 1:55 पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल आगमन पर स्वागत करेंगे। दोपहर 2:00 बजे भोपाल से पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:00 पचमढ़ी में भाजपा प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल होंगे। शाम 5:10 पर केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्थान कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम पचमढ़ी में ही करेंगे। - 14 Jun 2025 9:08 AM
राजा मर्डर केस: मेघालय पुलिस आज भी करेगी पूछताछ
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघालय पुलिस शनिवार को आरोपियों से पूछताछ करेगी। बता दें कि ये पूछताछ का तीसरा दिन है। इस बात की संभावना है कि पुलिस अब आरोपियों का आमना-सामना कराए। अब तक की पूछताछ में ये खुलासा हो चुका है कि सोनम का प्रेमी राज हत्या का मास्टरमाइंड है और सोनम इस साजिश में बराबर की हिस्सेदार रही है। - 14 Jun 2025 9:06 AM
पचमढ़ी में आज से विधायकों-सांसदों का प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में शनिवार से बीजेपी विधायकों और सांसदों के प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत हो रही है। तीन दिन तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन शनिवार दोपहर बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। 16 जून तक चलने वाले प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रशिक्षणार्थी के रूप में मध्यप्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक और लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे तीनों दिन उपस्थित रहेंगे। यानी, अगले तीन दिन मध्यप्रदेश की पूरी सरकार पचमढ़ी से चलेगी। इस प्रशिक्षण वर्ग में मप्र के बीजेपी विधायकों, लोकसभा, राज्यसभा सांसदों को मिलाकर 201 प्रतिभागी शामिल होंगे। - 14 Jun 2025 9:04 AM
आज का मौसम
मध्यप्रदेश में मॉनसून की जल्द एंट्री होने वाली है। उम्मीद है कि 15-16 जून मॉनसून एमपी में आ जाएगा। मौसम विभाग ने शनिवार(14 जून) को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर में लू का अलर्ट जारी किया है। रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, आगर-मालवा, धार, बड़वानी, खरगोन, राजगढ़, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, दमोह सहित कई जिलो में हल्की बारिश होने की संभावना है।
