MP News 29 July 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें

MP live Today 29 July 2025 Politics
X

MP live Today 29 July 2025 Politics

MP News Live: मध्य प्रदेश की मंगलवार (29 जुलाई) की सभी बड़ी खबरें और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ें एक ही पोस्ट में। राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम व अन्य खबरों पर नजर।

MP News Live Today 29 July 2025: मध्य प्रदेश में मंगलवार (29 जुलाई) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।

MP News 29 July 2025 ताज़ा अपडेट्स

Live Updates

  • 29 July 2025 3:38 PM

    सदन में गूंजा वृद्ध और विधवा पेंशन राशि बढ़ाने का मुद्दा

    मध्य प्रदेश में वृद्धावस्था और विधवा पेंशन योजनाओं की राशि में वृद्धि को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। भोपाल में इस मुद्दे ने मंगलवार को विधानसभा में जोर पकड़ा, जब बीजेपी विधायक प्रदीप लारिया ने पेंशन राशि न बढ़ने को लेकर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव रखा।

    इस प्रस्ताव पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जवाब दिया कि सरकार समय-समय पर पेंशन राशि में वृद्धि करती रही है, और केंद्र सरकार का भी इसमें योगदान रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार पेंशन राशि बढ़ाने पर विचार कर रही है, और मुख्यमंत्री जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लेंगे।

    दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मांग की कि लाडली बहना योजना की तर्ज पर वृद्ध और विधवा पेंशन की राशि को बढ़ाया जाना चाहिए, क्योंकि मानवता के नाते यह जरूरी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अन्य राज्यों में मध्य प्रदेश की तुलना में कई गुना अधिक पेंशन राशि दी जा रही है।

  • 29 July 2025 2:58 PM

    मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश किया। इस बजट पर कल, बुधवार को सदन में चर्चा होगी। 

  • 29 July 2025 2:54 PM

    कमल नाथ ने सरकार पर बोला हमला

    पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मंगलवार को भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार पर ओबीसी आरक्षण और खाली घोषणाओं को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ आश्वासन देती है, ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर घोषणाओं के लिए पुरस्कार होता तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव को पहला पुरस्कार मिलता।

    कमल नाथ ने ओबीसी आरक्षण को केवल जातिगत नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का मुद्दा बताया और कहा कि कांग्रेस इसपर आवाज उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल की पारदर्शिता को भी उजागर किया।

  • 29 July 2025 7:58 AM

    MP के इन जिलों में बारिश का अलर्ट 
    मध्यप्रदेश में झमाझम बारिश हो रही है। ग्वालियर, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश का कोटा पूरा हो गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, जबलपुर, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, दमोह और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट है।

  • 29 July 2025 7:56 AM

    भोपाल का पहला प्रोफेशनल स्टंट शो 30 जुलाई को 
    राजधानी में पहली बार रोमांच, रफ्तार और जिम्मेदारी तीनों का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। विंग्गस फ्लाई हाई क्लब में 30 जुलाई को भोपाल का पहला स्ट्रीट बाइक फ्रीस्टाइल स्टंट शो आयोजित किया जा रहा है। यह इवेंट सिर्फ थ्रिल नहीं, बल्कि युवाओं को रोड सेफ्टी के लिए जागरूक करने की पहल भी है। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल स्टंट स्कूल द्वारा किया जा रहा है। 

  • 29 July 2025 7:55 AM

    अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आज 
    अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वन्य जीव ट्रांस लोकेशन, रेस्क्यू एवं डॉग स्क्वॉड वाहनों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री वन्य जीव संरक्षण गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वन सुरक्षा समितियों, ईको विकास समिति, ग्राम वन समिति और वन कर्मियों को पुरस्कृत भी करेंगे।

  • 29 July 2025 7:54 AM

    नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट खुले 
    नागपंचमी में उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट रात 12 बजे खोले गए। इसके बाद महानिर्वाणी अखाड़ा के महंत श्री विनीत गिरी महाराज ने त्रिकाल पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। बता दें कि श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट हर साल सिर्फ एक बार नागपंचमी के दिन 24 घंटे के लिए खोले जाते हैं। श्रद्धालु मंगलवार रात 12 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। यहां 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मंगलवार दोपहर 12 बजे फिर से महानिर्वाणी अखाड़ा की ओर से पूजन होगा।  

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story