MP News Live Today 12 August 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें

मध्य प्रदेश की शनिवार (30 अगस्त) की बड़ी खबरें।
MP News Live Today 12 August 2025 : मध्य प्रदेश में मंगलवार (12 अगस्त) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।
MP News 12 August 2025 ताज़ा अपडेट्स
Live Updates
- 12 Aug 2025 10:59 AM
भोपाल: बड़े और छोटे तालाब में मूर्ति विसर्जन पर NGT की रोक
भोपाल में बड़े और छोटे तालाब पर मूर्ति विसर्जन पर एनजीटी ने प्रतिबंध लगा दिया है। इस बार विसर्जन मालीखेड़ी और रानी कमलापति घाट पर होगा। एनजीटी की सख्ती के बाद भोपाल नगर निगम 6 महीने में 5 नए विसर्जन घाट बनाएगा, जिसके लिए 25 करोड़ 8 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
- 12 Aug 2025 10:08 AM
मटन दुकान हटाने पार्षद ने कलेक्टर को लिखा पत्र
भोपाल। आनंद नगर मुख्य मार्ग में नगर निगम की दुकान में संचालित हो रही मटन की दुकान को हटाने के लिए वार्ड-62 के पार्षद राजेश चौकसे ने भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को पत्र लिखा है। पार्षद ने बताया कि हनुमान मंदिर से 100 मीटर के दायरे में मटन की दुकान चलाई जा रही है। जो नियम विरूद्ध है। आम लोगों के द्वारा इस दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की जा रही है। आनंद नगर चौकी प्रभारी और निगमायुक्त की रिपोर्ट भेजी गई है। इसके बावजूद उक्त दुकान के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि 100 मीटर की परिधि में इस प्रकार मास-मटन की दुकानों के संचालन पर रोक लगी हुई है
- 12 Aug 2025 10:08 AM
कांग्रेस का वोट सत्याग्रह आज रीवा में
भोपाल। कांग्रेस आज (मंगलवार, 12 अगस्त) रीवा से वोट सत्याग्रह की शुरूआत कर रही है। इसमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कमेलश्वर पटेल, अजय सिंह राहुल सहित पार्टी के अन्य सीनियर नेता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कांफ्रेस कर बताया कि भारत के संविधान की सबसे बड़ी ताकत जनता को वोट का अधिकार है। यही अधिकार लोकतंत्र की नींव है और इसी से जनता अपने प्रतिनिधि और सरकार चुनती है। जब इस पवित्र अधिकार के साथ छेड़छाड़ होती है, तो यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक आस्था पर सीधा हमला है।
- 12 Aug 2025 10:05 AM
राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 8 अक्टूबर से
भोपाल। मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने जवाहर लाल नेहरू हॉकी शालेय प्रतियोगिता की तिथियां तय कर दी है। जूनियर हॉकी टूर्नामेन्ट (15 वर्ष से कम आयु वर्ग) 8 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक, नेहरू बालिका हॉकी टूर्नामेंट (17 वर्ष से कम आयु वर्ग) 19 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक और नेहरू बालक हॉकी टूर्नामेंट (17 वर्ष से कम आयु वर्ग) 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2025 तक तथा इससे जुड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता सिवनी में 24 से 30 दिसंबर 2025 तक होंगी। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किये गये हैं।
- 12 Aug 2025 7:44 AM
धार में 25 को पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अगस्त 2025 को मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश इस परियोजना में अन्य राज्यों से आगे है, और यह प्रदेश के लिए विकास की एक बड़ी सौगात होगी।
- 12 Aug 2025 7:42 AM
दमोह: तेंदूखेड़ा में गहराया खाद संकट
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में खाद की बोरियों को लेकर किसानों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा के गोदाम में खाद की बोरियां ट्रक से उतारी जा रही थीं, जब किसानों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने ट्रक पर टूट पड़कर खाद की बोरियां उठाकर ले जाना शुरू कर दिया, जिससे वहां अव्यवस्था फैल गई। इस घटना में किसी हिंसा की स्पष्ट जानकारी नहीं है, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण थी।
- 12 Aug 2025 7:41 AM
क्रिस्प का स्थापना दिवस आज, 3 यूनिवर्सिटी से होगा MOU
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, 12 अगस्त 2025 को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित क्रिस्प (सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉर्मेंस) के 29वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान क्रिस्प का बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (भोपाल), देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (इंदौर) और क्रान्तिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय (खरगोन) के साथ एमओयू होगा। विश्वकर्मा और सक्षम योजना के तहत प्रशिक्षित हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
