फ्री लैपटॉप: 94,234 मेधावी छात्रों को मिले 25-25 हजार, CM मोहन यादव को याद आया बचपन; जाने क्या कहा?

फ्री लैपटॉप : 94,234 मेधावी छात्रों को मिले 25-25 हजार, CM मोहन यादव को याद आया बचपन।
Bhopa Laptop Distribution Function : मध्यप्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए शुक्रवार (4 जुलाई 2025) का दिन अविस्मरणीय बन गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75% से अधिक अंक लाने वाले 94,234 विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की।
कार्यक्रम भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में हुआ। मुख्यमंत्री ने यहां सैकड़ों बच्चों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। साथ ही सरकारी स्कूलों की सफलता पर गर्व जताया।
मुख्यमंत्री ने साझा की बचपन की यादें
- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, प्रोत्साहन के रूप में हमें जब ट्रॉफी मिलती थी और उसे लेकर घर जाते थे माताजी कहती थीं कि ये क्या फालतू आइटम ले आया।
- सीएम ने कहा, आज जब मैं देख रहा हूं कि छात्रों को लैपटॉप जैसा उपयोगी उपकरण मिल रहा है तो लगता है ये असल ट्रॉफी है। मेहनत का फल किताबों, ज्ञान और टेक्नोलॉजी के रूप में मिलना चाहिए।
- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने बचपन और माता जी की सीख को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा ही वह क्षेत्र है जिसमें सही निवेश सबसे अधिक लाभ देता है।
'पुस्तकें' सच्चा मित्र होती हैं : CM@DrMohanYadav51 @schooledump #Laptop4Students_MP #CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/B916vO3mKh
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) July 4, 2025
मुख्यमंत्री ने इन्हें वितरित कए लैपटॉप
- मैहर जिले के प्रियल द्विवेदी (492 अंक)
- सतना जिले के हर्ष पाण्डे (490 अंक)
- रीवा जिले के अंकुर यादव (489 अंक)
- सीधी जिले के अभय सिंह (489 अंक)
- रीवा जिले के आर्यन पाण्डे (488 अंक)
- शहडोल जिले की हिना देवी (488 अंक)
- भोपाल जिले की निशु पंडित (487 अंक)
- भोपाल जिले के प्रांजल कुशवाह (487 अंक)
- छिंदवाड़ा जिले के हरिओम साहू (486 अंक)
- डिण्डोरी जिले के रघुवीर गौतम (484 अंक)
- दमोह जिले की गार्गी अग्रवाल (484 अंक)
- सीधी जिले के दिव्यांशु तिवारी (484 अंक)
- सतना जिले की दीपिका सिंह (483 अंक)
- सीहोर जिले के पार्थ राठौर (483 अंक)
- भिण्ड जिले की योग्यता टंक (478 अंक)
लैपटॉप मिलने पर क्या बोले छात्र?
सुभाष एक्सीलेंस स्कूल, भोपाल की छात्रा नीशू पंडित ने 97% अंक प्राप्त किए। उन्होंने कहा, लैपटॉप मिलने से मेरी सीए बनने की तैयारी में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद। वहीं, वाणिज्य संकाय में चौथी रैंक हासिल करने वाली प्रांजल कुशवाह ने कहा, ऑनलाइन क्लास और नोट्स के लिए लैपटॉप वरदान है। पीएम श्री कन्या स्कूल भोपाल की 11 छात्राओं ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना क्या है?
- सीएम ने बताया कि यह योजना सबसे पहले 2009-2010 में लागू की गई थी, जब केवल 473 विद्यार्थियों को लाभ मिला था। लेकिन आज यह आंकड़ा बढ़कर 94 हजार से भी अधिक हो गया है। पिछले 15 सालों में 4,00,532 छात्रों को ₹1080.04 करोड़ वितरित किए गए हैं।
- वर्ष 2024-25 सत्र में इस योजना से 94,234 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। इन्हें लैपटॉप खरीदने के लिए 235.58 करोड़ रुपए की राशि शासन स्तर से दी गई। इसी तरह वर्ष 2023-24 में 89,710 लाभार्थी छात्रों को ₹224 करोड़ वितरित किए गए थे।
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र
राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर के 500 से अधिक छात्र और शिक्षक शामिल हुए। इसके साथ ही कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों के मुख्यालयों और विकासखंडों पर किया गया, जहां मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
छात्रों के लिए लैपटॉप क्यों ज़रूरी?
डिजिटल युग में लैपटॉप न केवल एक उपकरण है, बल्कि ज्ञान की कुंजी बन गया है। ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल स्किल्स और करियर गाइडेंस जैसे क्षेत्रों में लैपटॉप से छात्रों को अत्यधिक लाभ होता है।
शिक्षा की क्रांति की ओर मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा है और आने वाले वर्षों में इस योजना को और व्यापक बनाया जाएगा। उनका यह भी मानना है कि लैपटॉप केवल एक डिवाइस नहीं, बल्कि एक भविष्य निर्माण का माध्यम है। इस योजना के माध्यम से सरकार न केवल छात्रों को डिजिटल युग के लिए तैयार कर रही है, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सफलता की आकांक्षा भर रही है।