MP Politics: कांग्रेस ने सभी प्रवक्ताओं को किया कार्यमुक्त, टैलेंट हंट से होंगे नए चेहरों का चयन

Major change in MP Congress on the instructions of Harish Chaudhary and Jitu Patwari, all spokespersons relieved.
X

हरीश चौधरी-जीतू पटवारी के निर्देश पर एमपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव, सभी प्रवक्ता कार्यमुक्त। 

MP Politics: मध्यप्रदेश कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए सभी प्रवक्ताओं को कार्यमुक्त कर दिया है। अब नए प्रवक्ताओं का चयन टैलेंट हंट और इंटरव्यू प्रक्रिया से होगा। यह निर्णय प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर लिया गया है।

(गुरजीत कौर की रिपोर्ट) भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने संगठन में बड़े बदलाव की दिशा में अहम कदम उठाते हुए अपने सभी प्रवक्ताओं को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है। यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला माना जा रहा है क्योंकि सूची में कई सीनियर प्रवक्ताओं के नाम भी शामिल थे। अब पार्टी ने साफ किया है कि नए प्रवक्ताओं का चयन टैलेंट हंट और इंटरव्यू प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।

मध्यप्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि पार्टी को मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर मजबूती से रखने के लिए नई ऊर्जा और नई सोच की जरूरत है। इसी वजह से यह निर्णय लिया गया है कि प्रवक्ताओं की नियुक्ति अब पुराने रसूख, पहचान या सिफारिश के आधार पर नहीं होगी, बल्कि योग्यता और संवाद कौशल को प्राथमिकता दी जाएगी।

दोबारा मौका, लेकिन परीक्षा के बाद

जो प्रवक्ता अब तक कांग्रेस का पक्ष रख रहे थे, उन्हें पूरी तरह बाहर नहीं किया गया है। यदि वे दोबारा प्रवक्ता बनना चाहते हैं, तो उन्हें भी टैलेंट हंट और इंटरव्यू के राउंड से गुजरना होगा। पार्टी का कहना है कि इस प्रक्रिया से ऐसे चेहरे सामने आएंगे जो कांग्रेस की बात को स्पष्ट, तथ्यात्मक और प्रभावी ढंग से रख सकें।


प्रेस रिलीज में क्या कहा गया?

कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कामले की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि यह फैसला प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर लिया गया है।

प्रेस नोट में कहा गया है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत प्रवक्ताओं के चयन के लिए टैलेंट हंट कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है, इसलिए वर्तमान में कार्यरत सभी प्रवक्ताओं को कार्यमुक्त किया जाता है।

अस्थायी व्यवस्था भी तय

प्रेस रिलीज में यह भी स्पष्ट किया गया है कि टैलेंट हंट प्रक्रिया पूरी होने तक डिजिटल मीडिया और टेलीविजन पर समन्वय तथा टीवी डिबेट में प्रवक्ताओं को भेजने का कार्य मीडिया विभाग के अध्यक्ष द्वारा संपादित किया जाएगा। यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी रहेगी।

राजनीतिक संकेत क्या हैं?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन की बड़ी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी नेतृत्व अब मीडिया में ऐसे चेहरों को आगे लाना चाहता है जो जनता से सीधा संवाद कर सकें और पार्टी की नीतियों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत कर सकें।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story