जीतू पटवारी की सख्त चेतावनी: 24 घंटे में कांग्रेस विरोधी पोस्ट डिलीट करें कार्यकर्ता, वरना होगी कार्रवाई!

MP congress President jitu patwari warning party anti posts
X

MP congress President jitu patwari (फाइल फोटो)

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कांग्रेस या नेतृत्व विरोधी पोस्ट करने वालों को 24 घंटे के भीतर पोस्ट हटाने का आदेश दिया। आदेश न मानने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

प्रशांत शुक्ला, भोपाल।

मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद उठे असंतोष ने अब नया मोड़ ले लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पार्टी और नेतृत्व के खिलाफ बयान देने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी जारी की है।

पटवारी ने साफ कहा- "हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी को अपनी भावनाएं रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन पार्टी विरोधी गतिविधियां या सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी अनुशासनहीनता है।"

24 घंटे के भीतर पोस्ट डिलीट करने का आदेश

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पदाधिकारियों या कार्यकर्ताओं ने फेसबुक, व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कांग्रेस विरोधी पोस्ट की हैं, वे इन्हें 24 घंटे के भीतर डिलीट कर लें। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

संगठन की गरिमा से समझौता नहीं

संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार है और असहमति संवाद से दूर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ संघर्ष और जनता की सेवा कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य है। इसलिए आंतरिक मतभेदों को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की बजाय इन्हें संगठन की अनुशासन समिति, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष या महासचिव के समक्ष रखा जाए।

क्यों हुआ विवाद?

दरअसल, हाल ही में कांग्रेस की नई जिला और शहर अध्यक्षों की सूची जारी हुई थी, जिसके बाद कई जगहों पर विरोध देखा गया। जिन नेताओं को जगह नहीं मिली, उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर शीर्ष नेतृत्व को निशाने पर लिया। यही कारण है कि अब कांग्रेस हाईकमान ने सख्त रुख अपनाया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story