MP के कई शहरों में पारा 5° से नीचे, इंदौर ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, जानें मौसम हाल

मध्यप्रदेश में ठंड ने इस हफ्ते अपने सबसे तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, शाजापुर, जबलपुर, सिवनी और शहडोल में मंगलवार को शीतलहर का असर रहेगा, जबकि नरसिंहपुर में कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिल सकती है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जाने की आशंका है।
बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठंड की मार तेजी से बढ़ा दी है। शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल और इंदौर में भी पिछले चार दिनों से सर्द हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। रविवार-सोमवार की रात प्रदेश के अधिकांश शहर 10 डिग्री से नीचे पहुंच गए।
इंदौर ने इस बार सर्दी का नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां रात का पारा 5.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो 2015 से 2024 तक के बीच का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 24 दिसंबर 2015 को शहर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था।
राजगढ़ में भी स्थिति कम नहीं है। शीतलहर के बीच न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंगलवार सुबह से ही ठंडी हवाएं लोगों को घरों में रहने को मजबूर करती रहीं। लोग सुबह-सुबह शहर और गांवों में जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। बाजार, बस स्टैंड और चौराहों पर लोग गर्म कपड़ों से लिपटे दिखे।
सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को उठानी पड़ रही है। कड़ाके की ठंड के बावजूद स्कूलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। छोटे बच्चे टोपी, स्वेटर और जैकेट पहनकर कांपते हुए स्कूल जाते नजर आए। अभिभावक भी मांग कर रहे हैं कि इतनी ठंड में स्कूलों का समय बदला जाए। प्रदेश में लगातार गिरते पारे के चलते स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
