MP BJP अध्यक्ष बने हेमंत खंडेलवाल, भावुक भाषण में ठाकरे और पटवा को किया याद

Hemant Khandelwal
Hemant Khandelwal Speech: मध्य प्रदेश भाजपा को नया नेतृत्व मिल गया है। बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार, 2 जुलाई को भोपाल प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष का पद संभाला। अपने पहले भाषण में दिवंगत नेताओं का जिक्र करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने भाजपा के 27 पूर्व अध्यक्षों, विशेषकर कुशाभाऊ ठाकरे, सुंदरलाल पटवा और प्यारेलाल खंडेलवाल को याद करते हुए कहा, उनकी प्रेरणा से ही संगठन आज इस ऊंचाई पर पहुंचा है। अटल बिहार वाजपेयी और राजमाता सिंधिया का भी नाम लिया।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भोपाल कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल के नाम का ऐलान किया। कहा, भाजपा की यात्रा 70 के दशक से शुरू हुई थी। पार्टी आज जिस ऊंचाई पर उसमें आप जैसे हमारे लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत, प्रतिबद्धता और तपस्या शामिल है। उन्होंने सीएम मोहन यादव और वीडी शर्मा की भी तारीफ की।
हेमंत खंडेलवाल के भाषण की प्रमुख बातें
- मध्य प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने पहले भाषण में पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया है। कहा, जिम्मेदार और समर्पित सदस्यों को हर जगह सम्मान मिलेगी, लेकिन इधर उधर करने वालों को दिक्कत आएगी।
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हमारी पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी है कि जनता की भावना के अनुरूप आचरण रखें। साथ ही सीनियर नेताओं के दिखाए मार्ग पर चलकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं।
- हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा, भाजपा ऐसी पार्टी, जहां पद मायने नहीं रखता। पार्टी जो जिम्मेदारी सौंपती है, उसे ईमानदारी से निभाते रहिए। भाजपा आज जिस मुकाम पर है, उसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत है।
- खंडेलवाल ने कहा, यह अनुशासन हमारी पार्टी में ही देखने को मिलेगा। इतने बड़े-बड़े चुनाव हो जाते हैं लेकिन कभी कोई विरोध नहीं होता। मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूं कि जैसा चुनाव भाजपा में होता है, वैसा वह एक वार्ड में कराके दिखा दें तो हम उनका सम्मान करेंगे।
- हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा में बूथ लेकर प्रदेश पदाधिकारी तक हर किसी को बराबर का सम्मान मिलता है। मैं कोई खास नहीं हूं। मैं भी आप जैसे सामान्य कार्यकर्ता ही हूं। मुझमें कोई अलग टैलेंट था, लेकिन पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी।
जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक, 27 अध्यक्षों ने इस संगठन को अपने-अपने समय में मजबूत करने का कार्य किया है।
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) July 2, 2025
आज कई ऐसे पथप्रदर्शक हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी प्रेरणा, उनकी तपस्या हमें आगे बढ़ने की राह दिखाती है।
आज हमारा कर्तव्य है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलें और इस संगठन… pic.twitter.com/y4h4IOmNpT
हेमंत खंडेलवाल को बारीकी समझ: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खंडेलवाल को "कल्पनाशील मस्तिष्क वाला और अहंकार रहित" नेता बताया। कहा, इनके सुझाव पर ही मैंने मुख्यमंत्री रहते सीएम राइज स्कूल शुरू किए थे। वीडी शर्मा ने कहा- हेमंत जी आदर्श कार्यकर्ता और सरल स्वभाव के व्यक्तित्व हैं। अब उनके नेतृत्व में हम सब मिलकर पार्टी को सशक्त करेंगे।
संगठन पर्व: MP में बने 1.73 करोड़ सदस्य
निर्वाचन पदाधिकारी विवेक शेजलवकर ने बताया कि संगठन पर्व के दौरान मध्य प्रदेश में 1 करोड़ 73 लाख से ज्यादा नए सदस्य बनाए गए। 65,000 में से 64,468 यानी 99% बूथों में कमेटियां गठित कर दी गई हैं। पन्ना समितियों और 62 जिलों में जिलाध्यक्षों का चुनाव हुआ। अंत में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के 44 सदस्य चुने गए।
हेमंत खंडेलवाल में क्या है खास?
- अनुभवी नेतृत्व: खंडेलवाल विधायक के साथ पूर्व सांसद भी रह चुके हैं।
- संगठन से गहरा जुड़ाव: पार्टी के कई स्तरों पर काम करने का अनुभव।
- नवाचार की उम्मीद: रिकॉर्ड सदस्यता और डिजिटल संगठन विस्तार पर फोकस।
हेमंत खंडेलवाल से उम्मीदें
हेमंत खंडेलवाल की ताजपोशी के साथ भाजपा ने एक अनुभवी और जमीनी नेता को कमान सौंपी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि वे प्रदेश में भाजपा संगठन को किस नई दिशा में ले जाते हैं। आने वाले चुनावों में पार्टी की रणनीति को कैसे मजबूत करते हैं।