Malegaon Blast Case: मालेगांव फैसले के बाद BJP का विपक्ष पर हमला, प्रदेश अध्यक्ष बोले- सत्य की हुई जीत

मालेगांव ब्लास्ट केस : BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले – सत्य की जीत हुई।
भोपाल। महाराष्ट्र के मालेगांव ब्लास्ट केस में एनआईए विशेष न्यायालय ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सहित सातों आरोपियों को बरी किया है। न्यायालय के इस निर्णय के बाद मप्र की सियासी हलचल तेज होने के साथ ही भाजपा-कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों की बयानबाजी भी तेज हो गई है। जहां भाजपा नेताओं ने इसे सत्य की जीत बताया है, तो कांग्रेस नेताओं ने फैसले पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू समाज की छवि को धूमिल करने संगठित प्रयास किया था। प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि बीते 17 वर्षों की पीड़ा, सामाजिक बहिष्कार और राजनीतिक प्रहारों के बाद आज मालेगांव ब्लास्ट केस में सभी 7 आरोपियों को माननीय न्यायालय द्वारा दोषमुक्त करने का निर्णय अभिनंदनीय है।
वोटबैंक के लालच और तुष्टिकरण की राजनीति के चलते कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने न सिर्फ निर्दाेषों को फंसाया, बल्कि पूरे हिंदू समाज की छवि को धूमिल करने का संगठित प्रयास भी किया न्यायालय ने उनके इस झूठे नैरेटिव का पर्दाफाश कर दिया है। यह फैसला उन सबके लिए सबक है, जो वोटबैंक की राजनीति के लिए “भगवा आतंक“ जैसे आपत्तिजनक शब्दों को गढ़ते हैं।
क्या चिदंबरम, दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेतृत्व इस पर माफी मांगेंगे?: वीडी शर्मा
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मालेगांव ब्लास्ट में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए थे, उन्हें आज अदालत ने बरी कर दिया है। उस समय कांग्रेस के नेताओं, खासतौर पर दिग्विजय सिंह जैसे लोगों ने मध्यप्रदेश में ‘भगवा आतंकवाद’ का एक झूठा नैरेटिव खड़ा करने की कोशिश की थी।
आज के इस निर्णय ने साबित कर दिया कि कांग्रेस ने जानबूझकर ऐसी कथित कहानियां गढ़ीं, ताकि हिंदुत्व पर प्रहार किया जा सके और उसे बदनाम किया जा सके। यह साफ हो गया है कि उन्होंने झूठे आरोप लगाकर निर्दाेष लोगों को फंसाने की साजिश रची थी। क्या चिदंबरम, दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेतृत्व इस पर माफी मांगेंगे?
दूध का दूध और पानी का पानी हो गया: गौतम टेटवाल
तकनीकी शिक्षा मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता राष्ट्रीय विचारधारा का कार्यकर्ता है और न्यायालय पर भरोसा करता है। दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। हमारी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर तथाकथित सरकारों द्वारा झूठे मुकदमे लगाए थे। कोर्ट के फैसले से सत्य की जीत हुई।
जो फैसला आया है, वह सनातन के पक्ष में आया है: राकेश शुक्ला
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि कुछ तथाकथित लोगों ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर आरोप लगाया था। न्यायालय के निर्णय का हम स्वागत करते हैं। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर हमारी सनातन की एक रक्षक हैं और कहीं ना कहीं ईश्वर की कृपा से जो फैसला आया है, वह सनातन के पक्ष में आया है।
कांग्रेस को साध्वी का श्राप लगा, सत्य की विजय हुई: मालिनी गौड
इंदौर विधानसभा क्रमांक-4 की विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि कांग्रेस को एक साध्वी को इतनी यातनाएं दीं। इसे भगवा आतंकवाद का नाम दिया। कांग्रेस को साध्वी का श्राप लगा है। सत्य की विजय हुई है।
जो कष्ट सहे उन पर आज न्याय मिला: उषा ठाकुर
पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने कहा सत्य की जीत हुई है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने जो कष्ट सहे उन पर आज न्याय मिला। हम जानते थे कि हमने अपराध नहीं किया है और सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हमें फंसाया गया है तो एक दिन सभी बाइज्जत बरी होंगे।
ऐसे फैसलों से भारत की न्याय व्यवस्था पर श्रद्धा और भी बढ़ती है: अर्चना चिटनीस
बुरहानुपर विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि 17 साल के संघर्ष के बाद जो निर्दाेष लोग पीड़ित होते रहे, प्रताड़ित होते रहे, जिनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, आज उन्हें न्याय मिला है। ऐसे फैसलों से भारत की न्याय व्यवस्था पर श्रद्धा और भी बढ़ती है।
