माघ पूर्णिमा आज: ठंडी हवाओं के बीच सेठानी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, नर्मदा में लगाई आस्था की डुबकी

माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रसिद्ध सेठानी घाट पर रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सर्द हवाओं और ठिठुरन के बावजूद भक्तों ने मां नर्मदा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुबह होते ही घाट पर ‘नर्मदे हर’ के जयकारे गूंजने लगे। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे—हर वर्ग के श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ स्नान करते नजर आए। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर विराजमान शिवलिंगों का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
सूर्य की पहली किरण के साथ दिखा श्रद्धा का संगम
नर्मदापुरम की पावन धरा पर सूर्य की पहली किरण के साथ ही भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माघ मास की पूर्णिमा पर नर्मदा स्नान करने से व्यक्ति के सभी कष्ट दूर होते हैं और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
देर शाम तक चलेगा दान-पुण्य का दौर
माघ पूर्णिमा के अवसर पर घाटों पर दान-पुण्य, जप-तप और पूजा-पाठ का सिलसिला देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। श्रद्धालु इस पावन तिथि पर धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से पुण्य अर्जित कर रहे हैं।
