Manmohan Vaidya Book Launch: उप राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद पहली बार मंच पर दिखेंगे जगदीप धनखड़, भोपाल में देंगे संबोधन

पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़
MP Latest News पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज (शुक्रवार) भोपाल पहुंच रहे हैं। इस्तीफा देने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम होगा, जिसमें वे मंच से संबोधन देंगे। धनखड़ सुबह करीब 11:30 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे राजभवन जाएंगे। यहां वे लगभग 4.5 घंटे रुकेंगे। इसके बाद शाम 4:15 बजे वे रवीन्द्र भवन में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में शामिल होंगे।
मनमोहन वैद्य की किताब का होगा विमोचन
रवीन्द्र भवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन वैद्य की पुस्तक "हम और यह विश्व" का विमोचन होगा। कार्यक्रम में पूर्व उप राष्ट्रपति मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा वृंदावन के श्री आनंदम धाम आश्रम के पीठाधीश्वर रीतेश्वर जी महाराज और वरिष्ठ पत्रकार विष्णु त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
इस्तीफे के बाद अब तक सार्वजनिक मंच से दूर रहे
21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ही उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद धनखड़ सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहे। हालांकि 12 सितंबर को वे नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में नजर आए थे, लेकिन उन्होंने तब भी कोई भाषण या औपचारिक बयान नहीं दिया।
ठीक 4 महीने बाद पहली सार्वजनिक उपस्थिति
आज का कार्यक्रम इसलिए खास है क्योंकि इस्तीफे के ठीक चार महीने बाद धनखड़ पहली बार मंच पर संबोधन देंगे। धनखड़ का यह भोपाल दौरा कई राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यक्रम के बाद वे रात 8 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
