सनसनीखेज वारदात: जबलपुर में पिता की पीट-पीटकर हत्या, नहर में फेंका शव; 2 बेटे गिरफ्तार

जबलपुर: पिता की हत्या कर नहर में फेंका शव; दोनों बेटे गिरफ्तार
Girani Chakraborty Murder : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में हत्या की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। मझगवां थाना क्षेत्र के अगरिया गांव में बेटों ने पिता को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। हत्या के बाद दोनों भाइयों ने हाथ-पैर बांधकर शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
जबलपुर पुलिस के मुताबिक, घटना जिला मुख्यालय से 60 करीब किमी दूर अगरिया गांव की है। मंगलवार को ग्रामीणों ने बुढरी की बड़ी नहर के पास शव पड़े होने की सूचना दी। मृतक की पहचान गिरानी कुमार चक्रवर्ती के रूप में की गई है।
10 किमी दूर ले जाकर फेंका शव
मझगवां थाना प्रभारी हरदयाल उदय सिंह ने बताया कि गिरानी की हत्या उसके दोनों बेटे संतोष चक्रवर्ती (28 ) और अजय चक्रवर्ती ने मिलकर की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पूछताछ में बताया कि आए दिन गाली-गलौज से वह परेशान थे। सोमवार को उनमें विवाद हुआ, जो बाद में हत्या की वजह बन गया।
घरेलू कलह ने खुशियां मातम में बदली
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले तक सब कुछ ठीक था। परिवार के सभी लोगों ने एक साथ राखी का त्योहार मनाया है, लेकिन घरेलू कलह ने त्योहार की खुशियों को मातम में तब्दील कर दिया।
