Innovative Initiative Award: मध्यप्रदेश के प्रोजेक्ट चीता को मिला राष्ट्रीय सम्मान, CM यादव ने दी जानकारी

मध्यप्रदेश के प्रोजेक्ट चीता को मिला राष्ट्रीय सम्मान।
Innovative Initiative Award: मध्य प्रदेश के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट चीता को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। भारतीय वन सेवा संघ (IFS Association) और Indian Masterminds ने इसे Innovative Initiative Award से सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया, यह सम्मान राज्य के वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में किए गए अनोखे प्रयासों का प्रमाण है।
अफ्रीका और नामिबिया से मंगाए चीता
भारत में चीते करीब 70 साल पहले विलुप्त हो गए थे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल और मप्र वन विभाग की कड़ी मेहनत से उन्हें अफ्रीका और नामिबिया से लाकर फिर से भारतीय जंगलों में बसाया गया। कुनो नेशनल पार्क सहित प्रदेश के कई अभयारण्यों में इन चीतों को सफलतापूर्वक पुनर्वासित किया गया है। आज ये चीते प्रदेश के जंगलों में दौड़ते नज़र आते हैं और यह तस्वीर पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
पर्यावरण संतुलन पर भी जोर
इस प्रोजेक्ट में आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया गया। इससे चीतों को यहां की जलवायु और वातावरण में ढलने में मदद मिली। यह पहल न सिर्फ वन्यजीव संरक्षण की मिसाल है, बल्कि पर्यावरण संतुलन को भी मजबूत बना रही है।
वन विभाग का जागरूकता कार्यक्रम
स्थानीय लोगों की भागीदारी भी इस अभियान की बड़ी ताकत है। वन विभाग लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इससे लोग वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझ रहे हैं। इसका असर यह है कि ग्रामीण अब वन्यजीवों की सुरक्षा में खुद आगे आ रहे हैं।
रोल मॉडल बनी मध्य प्रदेश का नवाचार
इनोवेटिव इनिशिएटिव अवॉर्ड से सम्मानित होना इस बात का संकेत हैं कि मप्र का प्रयास पूरे देश के लिए रोल मॉडल बन चुका है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगी कि प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण से ही हमारा भविष्य सुरक्षित रह सकता है।
