राजा रघुवंशी मर्डर केस: शादी के 72 घंटे बाद हत्या की साजिश, गुवाहाटी से खरीदा चाकू; खुले चौंकाने वाले 'राज'

Raja Raghuvanshi Murder Case
Raja Raghuvanshi Murder Case : इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर की जांच अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं। सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाहा के बीच हुई वाट्सऐप चैट्स से बड़ा खुलासा हुआ है। इन चैट्स में पता चला कि सोनम ने शादी के महज 72 घंटे बाद ही पति राजा को मारने की साजिश रची थी। हनीमून इसी साजिश का हिस्सा था।
शादी के बाद क्या हुआ था?
सोनम और राजा रघुवंशी की शादी 11 मई को हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी पति का नज़दीक आना उसे बर्दाश्त नहीं था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनम ने राज कुशवाहा को वाट्सऐप चैट में लिखा था कि राजा मेरे करीब आता है और यह मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है। सोनम और राजा के बीच दूरियां शादी से पहले ही बनने लगी थीं। फिर इसके बाद सोनम ने हत्या की योजना बनानी शुरू की।
हत्या के लिए बनाया हनीमून का प्लान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनम ने राज कुशवाहा को वाट्सऐप चैट कर बताया था कि राजा से छुटकारा पाने के लिए वह मेघालय में हनीमून का प्लान बना रही है। सोनम ने जानबूझकर हनीमून के लिए शिलांग की दूरस्थ पहाड़ियां चुनी, जहां राजा की हत्या को हादसे में तब्दील किया जा सके।
राजा पर नहीं थी सोनम की दिलचस्पी
राजा रघुवंशी का शव 2 जून को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा इलाके स्थित गहरी खाई में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजा की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद राजा और सोनम के बीच रिश्ते तनावपूर्ण थे। सोनम की दिलचस्पी राजा की बजाय राज पर थी।
20 लाख का लालच... 50 हजार नकद
हत्यारोपियों ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या सोनम रघुवंशी के कहने पर की गई थी। इसके बदले में उन्हें 50 हजार रुपए नकद और 20 लाख रुपए देने का वादा किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू उन्होंने ऑनलाइन गुवाहाटी से मंगवाया था। फिलहाल, सोनम मेघालय पुलिस की हिरासत में है और उसे शिलॉन्ग ले जाया जा रहा है।
कौन है राज कुशवाहा?
राज कुशवाहा, सोनम का प्रेमी, इंदौर के देवी सिंह रघुवंशी की फैक्ट्री में काम करता था। वह उम्र में सोनम से करीब पांच साल छोटा है, लेकिन दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। सोनम अकाउंट्स और स्टाफ मैनेजमेंट की जिम्मेदारी निभाने के बहाने अक्सर फैक्ट्री आती थी, जहां उसकी मुलाकात राज से होती थी। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने भी कई बार दोनों को एक साथ देखा था।