इंदौर मैराथन: फिनिश लाइन से 100 मीटर पहले बिगड़ी तबीयत, युवक की मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार सुबह आयोजित मैराथन उस समय मातम में बदल गई, जब दौड़ में शामिल एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोड़ी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आर्यन मैराथन पूरी करने के बेहद करीब था और नेहरू स्टेडियम की फिनिश लाइन से महज 100 मीटर पहले उसकी हालत अचानक खराब हो गई। वह स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मैराथन के दौरान मौजूद कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत ने तुरंत आर्यन को संभालने की कोशिश की और मौके पर ही सीपीआर दिया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन की उम्मीद के चलते युवक को बॉम्बे हॉस्पिटल भी ले जाया गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही आयोजन समिति और पुलिस मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर लंबी दौड़ और फिटनेस इवेंट्स के दौरान स्वास्थ्य जांच की जरूरत पर सवाल खड़े करता है।
