हरिभूमि Expose: MP में मवेशी तस्करी का काला सच! नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन? पुलिस लाचार

cattle smuggling in MP
हरिभूमि Expose: मध्य प्रदेश में मवेशी तस्करी का गोरखधंधा खूब फल-फूल रहा है। ट्रकों में ठूंस-ठूंस भरे मवेशी एक से दूसरे जिले और राज्य भेजे जा रहे हैं। ताजा मामला मंडीदीप का है। यहां मवेशियों से भरा ट्रक पकड़े जाने के बाद बवाल हुआ। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। उपद्रव मचाने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। अकेले मंडीदीप ही नहीं- सतना, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, सीधी, सिंगरौली, भोपाल, शहडोल सहित लगभग पूरे प्रदेश में तस्करों का बड़ा नेटवर्क है। रोज सैकड़ों-हजारों मवेशियों की तस्करी हो रही है। सबकुछ पता होने के बाद भी पुलिस मौन है। लाचार है। सवाल-आखिर पशु तस्करी का सरगना कौन है? बेजुबान क्यों मर रहे? पुलिस मास्टर माइंड तक क्यों नहीं पहुंच पा रही ? आइए जानते हैं किस-किस जिले में चल रहा पशु तस्करी का खेल?
Case- पशु तस्करी के सबसे बड़े मामले...
धार में एंबुलेंस में गोवंश तस्करी
धार के धामनोद से चौंकाने वाला केस है। 3 अप्रैल 2025 को एंबुलेंस में ठूंस-ठूंस के गोवंश को भरकर तस्करी की जा रही थी। अचानक एंबुलेंस का टायर फट गया। ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जांच की तो एंबुलेंस में 9 गोवंश निकले। एंबुलेंस ड्राइवर मौका देखकर फरार हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस जब्त की। 9 मवेशी सहित 2 मृत बरामद किए।
बालाघाट में भी एंबुलेंस गौ तस्करी
बालाघाट में 26 अप्रैल 2025 को एंबुलेंस से गौ तस्करी का पर्दाफाश हुआ था। मामला लांजी थाना क्षेत्र का है। महाराष्ट्र से आई एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस में गौवंश को ले जा रहे थे। पुलिस ने शक के आधार पर जांच की तो तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस ने एंबुलेंस को जब्त कर 12 मवेशियों को मुक्त कराया था।
भोपाल में तस्करी
राजधानी भोपाल में मवेशी तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। सबसे बड़ा मामला 11 जनवरी 2025 को सामने आया। अयोध्यानगर थाना पुलिस ने रात 3:20 बजे एक संदिग्ध ट्रक को रोका। ट्रक से 48 जिंदा मवेशी और दो मृत गोवंश बरामद हुए। वाहन में मवेशियों को रस्सियों में बंधाकर क्रूरता से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर गोवंश को बचाया। चालक फरार हो गया। हाल ही में हिन्दू संगठन ने बायपास पर पशुओं से भरे ट्रक को पकड़ा। सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चार आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला था। पुलिस ने आरोपियों से गाय काटना पाप है, पुलिस हमारी बाप है के नारे भी लगवाए थे।
रायसेन: गौ-तस्करी के शक में मारपीट, मौत
रायसेन में 18 जून को गौ-तस्करी के शक में कुछ युवकों ने दो लोगों की पिटाई कर दी। पिटाई में भोपाल निवासी युवक की मौत हो गई थी। एक को गंभीर चोट आई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल युवक पहले पशु क्रूरता, अवैध परिवहन और मारपीट जैसे मामलों में भी संलिप्त रहे हैं।
सतना: कई जगह भेजे जा रहे मवेशी
सतना में मवेशी तस्करी का खेल लंबे समय से चल रहा है। सतना से कोठी, मझगवां, राजापुर, चित्रकूट, बांदा सहित सहित कई जगहों पर मवेशी भेजे और मंगाए जाते हैं। पुलिस ने कई बार कार्रवाई की लेकिन सरगना तक नहीं पहुंच पाई। कुछ दिन पहले पुलिस ने मवेशियों से भरे ट्रकों को पकड़ा था। पशु क्रूरता के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया लेकिन पूरी तरह रोक नहीं लग पाई।
मंडीदीप में मवेशी को लेकर बवाल
मवेशियों से भरा ट्रक 6 जून की रात इटारसी से भोपाल जा रहा था। मंडीदीप में स्थानीय लोगों को सूचना मिली तो ट्रक रोका। तभी समुदाय विशेष के लोग पहुंचे। बातचीत के बाद बहस और फिर हंगामा होने लगा। सैकड़ों युवकों ने थाने का घेराव किया था। इस दौरान अजय मालवीय नाम के युवक पर हमला किया। वह गंभीर घायल हो गया था। पशु तस्करी और उपद्रव को लेकर बवाल हो गया। 1 जुलाई 2025 को हिंदू समाज ने आक्रोश रैली निकाली। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई। शुक्रवार को बवाल मचाने वाले मुख्य आरोपी असलम पठान, सोहेल खान, अंकित कुशवाहा सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस वाहन को मारी टक्कर
खरगोन में 28 अप्रैल 2025 को गो-तस्कर को पुलिस ने चेकपॉइंट पर रोकने की कोशिश की। तस्कर ने पुलिस वाहन को टक्कर मारी। घटना में एक युवक घायल हो गया। जिसे अस्पताल ले जाया गया। तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। घटना गोगावा थाना क्षेत्र में हुई।
मंडला और छिंदवाड़ा में तस्करी
मंडला में 17 जून 2024 को गो-तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई थी। पुलिस ने गो-तस्करी व गोरक्षक हत्या केस में बुलडोजर से तस्करों के 11 घर जमींदोज किए थे। 150 गोवंश बरामद हुए थे। 10 मई 2024 को छिंदवाड़ा में मवेशी से भरी पिकअप डंपर से टकरा गई। हादसे में 12 मवेशियों की मौत हो गई। पुलिस की जांच में तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीन तस्करों को दबोचा।
खंडवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
खंडवा में भी पशु तस्करी हो रही है। पुलिस ने गोवंश को महाराष्ट्र भेजते समय दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 24 जून 2024 को खरगोन में ट्रकों से तिरपाल ढककर गोवंश भेजते हुए 9 तस्करों को पुलिस ने पकड़ा था। 50 गोवंश को मुक्त कराया था।
नीमच में 9 ट्रकों में भरे मवेशी पकड़े
नीमच में 20 दिसंबर 2023 को पुलिस और गोरक्षकों ने मिलकर 9 ट्रकों से 100 से अधिक गोवंश जब्त किए थे। जिले के विभिन्न रूटों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की थी। पुलिस ने इन सभी पशुओं को स्थानीय गौशालाओं में भेज दिया था। हाल ही में 8 मार्च 2025 को नीमच पुलिस ने 8 तस्करों को गिरफ्तार किया था। 13 गाय सहित कुल 46 गोवंश बरामद किए थे। 19 फरवरी 2025 को पुलिस ने ट्रक को रोककर 16 बेजुबान गौवंश को महाराष्ट्र ले जाते हुए पकड़ा था।
सीधी में 32 मवेशी जब्त, तस्कर गिरफ्तार
5 मई 2025 को सीधी के चुरहट में पुलिस ने 32 मवेशियों को भरा ट्रक जब्त किया था। दो तस्करों और चालक को को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम तथा संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
गो-तस्करों पर कार्रवाई के लिए अलर्ट है पुलिस
सभी जिलों की पुलिस को गो-तस्करी पर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई कर भी रही है। तस्कर कहां से मवेशियों को लाते हैं? कहां ले जाते हैं? हमारी टीमें इसका पता लगाने के लिए लगातार जांच पड़ताल भी करती है। पुलिस जिन्हें तस्करी करते हुए पकड़ती है उनसे पूछताछ कर बड़े गिरोह का पता लगाने की कोशिश करती है। इनफार्मेशन और एक्शनेवल इनफार्मेशन दोनों पर पुलिस बारीकी से पड़ताल कर कार्रवाई करती है। मध्यप्रदेश पुलिस गो-तस्करों पर कार्रवाई के लिए अलर्ट है? हमारी कोशिश है जल्द बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हो।अंशुमान सिंह, IG लॉ एंड ऑर्डर मध्यप्रदेश