MP: अब फॉरेस्ट गार्ड भर्ती में भी फर्जीवाड़े की आशंका, 113 चयनित अभ्यर्थियों की होगी दस्तावेज जांच

प्रशांत शुक्ला, भोपाल।
मध्य प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में घपले घोटाले जारी है। पुलिस आरक्षक भर्ती में फजीर्वाड़े की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2023 में भी गड़बड़ी की आशंका गहरा गई है। कर्मचारी चयन मंडल ने 113 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों को पुन: जांच के लिए रोक दिया है।
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा वर्ष 2023 में वनरक्षक पदों के लिए कुल 1670 रिक्तियों पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। परीक्षा प्रक्रिया के बाद 1340 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई। लेकिन अब, इसमें से 113 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों, आवेदन, उत्तरपुस्तिका व अन्य पहलुओं की जांच एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा की जा रही है।
बता दें कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2023 में कुल 7411 पदों के लिए परीक्षा हुई थी, जिसमें से 6423 अभ्यर्थी चयनित हुए। इस भर्ती में 33 से ज्यादा साल्वर कैंडिडेट पकड़े गए जिन्होंने दूसरों को परीक्षा दिलवाई। ये साल्वर आधार कार्ड में फोटो व बायोमैट्रिक अपडेट कर परीक्षा में शामिल हुए और बाद में फिजिकल टेस्ट से पहले फिर से आधार अपडेट कर असली कैंडिडेट बन गए। ऐसे मामले 9 जिलों में सामने आए।
कमलनाथ ने उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सवाल उठाया है कि जब तक रोज कोई नया घोटाला न हो भाजपा सरकार को चैन नहीं है। उन्होने तंज कसते हुए कहा कि सरकार हर दिन कोई न कोई गड़बड़ी सामने लाती है। अब फारेस्ट गार्ड भर्ती में भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।