दिव्यांग क्रिकेट: UAE में रचा इतिहास; अब MP में तराश रहे प्रतिभा; पढ़ें पहले टेस्ट कप्तान ब्रजेश द्विवेदी की कहानी

खेल दिवस: देश के पहले दिव्यांग क्रिकेट टेस्ट कप्तान ब्रजेश द्विवेदी की कहानी।
National Sports Day: भारतीय दिव्यांग क्रिकेट के इतिहास में दिसंबर 2023 का दिन यादगार बन गया। क्योंकि इसी दिन भारतीय दिव्यांग टीम ने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच खेला। भारत-नेपाल के बीच हुए इस मैच में मध्यप्रदेश के ब्रजेश द्विवेदी ने भारतीय टीम का नेतृत्व किया। खेल दिवस (Sports Day) 2025 पर पढ़ें उनके संघर्ष और सफलता की दिलचस्प कहानी।
मध्य प्रदेश में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने में ब्रजेश का अहम योगदान है। उन्होंने 10 संभागों में 350 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी तैयार कर चुके हैं। इनमें से 5 खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
बड़ा हुनर था अपनी हाथों की उंगलियों मे
— Brajesh Dwivedi - बृजेश द्विवेदी (@brajeshrdwivedi) July 11, 2024
समय के बोझ ने इन मे बेडिया लगा दिया
आज जो बिक रहा है सीखने के लिऐ
हाथों की लकीरों को काट कर इजात किया मैने ।#CricketLover pic.twitter.com/mJJ0q5F1w6
चुनौतियों के बीच जिंदा रखा क्रिकेट का पैशन
ब्रजेश द्विवेदी की की क्रिकेट यात्रा आसान नहीं है, उन्होंने तमाम चुनौतियों के बावजूद क्रिकेट रूपी अपने पैशन को मरने नहीं दिया। जब मौका मिला तो देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। अब वह अन्य युवाओं को क्रिकेट टीम से जोड़कर प्रतिभा के अनुसार मंच दिलाने में मदद कर रहे हैं।
UAE के दिव्यांग प्रीमियर लीग-2021 में नेतृत्व
ब्रजेश द्विवेदी ने बांग्लादेश में हुए बंगबंधु कप (2022), टापन ट्रॉफी (2019), टाटा स्टीलियम कप (2018) जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनकी सबसे ख़ास उपलब्धि दिव्यांग प्रीमियर लीग (2021, शारजाह, यूएई) है। जिसमें उन्होंने मुंबई आइडल्स टीम की कप्तानी की। साथ ही अपनी रणनीति व प्रदर्शन से सबको चौंकाया।
वक्त और मेहनत ने हाथो मे वो जादू दिया की एक बार हांथ से गेंद छूटी टू सिर्फ मेरे हिसाब से ही गिरेगी और ये ऐसे ही नही होता, तप लगता है ,मेहनत की परकाष्ठा को पार करना पड़ता है। भले हि आप #60%दिव्यांग है पर नियति कुछ नही देखती pic.twitter.com/FIE7rVbzpU
— Brajesh Dwivedi - बृजेश द्विवेदी (@brajeshrdwivedi) April 6, 2024
10 संभागों में तैयार किए 350 से अधिक खिलाड़ी
ब्रजेश 2019 से मध्यप्रदेश में दिव्यांग क्रिकेट के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। अब तक 10 संभागों से 350 से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ चुके हैं। अप्रैल 2023 में उन्होंने जबलपुर में पहला दिव्यांग प्रीमियर लीग कराया। साथ ही प्रहलाद दिव्यांग ट्रॉफी की शुरुआत की। जनवरी 2024 में मैहर में नेशनल प्रीमियर लीग हुई। इसमें नेपाल के खिलाड़ी ने भी हिस्सा लिया।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके 5 खिलाड़ी
ब्रजेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में तैयार 5 खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा चुके हैं। इनमें से अधिकांश खिलाड़ी मध्य प्रदेश के दूरस्थ जिलों और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। जहाँ मूलभूत सुविधाएँ तक उपलब्ध नहीं हैं।
ब्रजेश द्विवेदी की प्रमुख उपलब्धियां
अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ ब्रजेश को समाज और खेल जगत ने भी सम्मानित किया है। सतना नगर निगम ने उन्हें सतना गौरव सम्मान 2023 से नवाजा। यह सम्मान उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों मिला। इसके अलावा वे मध्यप्रदेश खेल रत्न (2019), दिव्यांग रत्न (2018), अचीवर्स खेल अलंकरण (2020), इंडिया स्टार पैशन अवार्ड (2019) जैसे राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं।
