दीपावली पर तोहफा: लाड़ली बहनों के खातों में फिर आएंगे पैसे, जानिए कब और कितने मिलेंगे

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए इस बार की दीपावली बेहद खास होने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य की सवा करोड़ बहनों को डबल खुशी देने का ऐलान किया है। सरकार ने अक्टूबर महीने में दो बार राशि ट्रांसफर करने का निर्णय लिया है यानी इस दीपावली पर “डबल धमाका”!
अब भाईदूज पर फिर मिलेगा पैसा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 12 अक्टूबर को श्योपुर जिले से कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना की 29वीं किस्त जारी की थी। इसमें राज्य सरकार ने 1541 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए, जिससे प्रत्येक बहन के खाते में ₹1250 की राशि भेजी गई।
अब सरकार ने फैसला किया है कि दूसरी किस्त 23 अक्टूबर (भाईदूज) को जारी की जाएगी। इस बार 250 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे, जिससे कुल राशि 1500 रुपए तक पहुंच जाएगी।
नवंबर से हर माह 1500 रुपए की तय राशि
राज्य सरकार ने साफ किया है कि नवंबर 2025 से लाड़ली बहना योजना की राशि 1500 रुपए प्रति माह कर दी जाएगी। इस बदलाव से सरकार पर हर महीने करीब 1859 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा, लेकिन इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
योजना के तहत राशि धीरे-धीरे 3000 रुपए तक बढ़ेगी
सीएम मोहन यादव ने पहले ही घोषणा की थी कि सरकार लाड़ली बहना योजना की मासिक राशि को 3000 रुपए तक बढ़ाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इससे न केवल बहनों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि घरेलू सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
दीपावली पर सरकार का तोहफा
डबल किस्त की घोषणा से लाड़ली बहनों के चेहरों पर दीपावली से पहले ही खुशियों की रौशनी छा गई है। राज्य सरकार का यह फैसला महिलाओं के जीवन में एक बड़ी राहत और आत्मबल लेकर आया है।
