CM मोहन यादव ने उज्जैन में की गौसेवा: तिलकेश्वर भगवान का पूजा कर गायों को खिलाया चारा

Ujjain News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार सुबह उज्जैन की प्रसिद्ध तिलकेश्वर गौशाला पहुंचकर तिलकेश्वर भगवान का पूजन किया और गौसेवा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गायों को चारा और खली खिलाई, साथ ही एक गाय के बछड़े को गोद में उठाकर दुलार भी किया।
सीएम मोहन यादव ने गौशाला में लगभग एक घंटा बिताया और वहां गायों के लिए 56 भोग लगाकर गोवर्धन पूजन किया। उन्होंने कहा कि,“दो दिन गोवर्धन पूजन है, हमने आज भी मनाया। सभी को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। खेती-किसानी अच्छे से हो, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश की करीब 2 करोड़ गायों के संरक्षण, दूध उत्पादन और कृषि उन्नति के लिए राज्य सरकार लगातार विशेष पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गौसेवा, खेती और जनकल्याण साथ-साथ आगे बढ़े।



मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिलकेश्वर महादेव का अभिषेक कर पूजन-अर्चन किया और प्रदेशवासियों की उन्नति और मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदैव किसानों और व्यापारियों के हित के लिए कार्य किया है। व्यापारी संघ द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह और गौमाता की मूर्ति भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा और गौसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे गायों की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आएं। सीएम ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, सांस्कृतिक आयोजन, पर्व-उत्सव, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री उज्जैन से भोपाल के लिए रवाना हो गए।
