धनतेरस पर किसानों के बीच रहेंगे CM मोहन यादव, देंगे करोड़ों की सौगात

CM Dr. Mohan Yadav reiterated his promise to provide 10 hours of electricity a day to farmers.
X

CM डॉ. मोहन यादव ने किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने का वादा दोहराया।

धनतेरस के इस विशेष दिन पर मुख्यमंत्री का आखिरी कार्यक्रम सीहोर जिले के बिलकिसगंज (झागरिया) में होगा।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस बार धनतेरस किसानों के साथ मनाने जा रहे हैं। शनिवार, 18 अक्टूबर को सीएम सुबह से देर शाम तक किसानों से मिलकर संवाद करेंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी और राहत राशि दोनों देंगे। इस दौरान वे किसानों के खातों में करोड़ों रुपए की राहत राशि ट्रांसफर करेंगे और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे।

शामिल होंगे 2500 किसान

मुख्यमंत्री का दिन की शुरुआत भोपाल स्थित निवास से होगी, जहां वे किसान सम्मेलन में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में नर्मदापुरम, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, रायसेन और विदिशा जिलों के 2500 से अधिक प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। यहां सीएम मोहन यादव किसानों से सीधे संवाद करेंगे, उन्हें नई कृषि तकनीकों, नवाचारों और योजनाओं की जानकारी देंगे।

आपदा प्रभावित किसानों को मिलेंगे 277 करोड़ रुपए

भोपाल के बाद सीएम मोहन यादव राजगढ़ जिले के ब्यावरा पहुंचेंगे। यहां वे आपदा प्रभावित किसानों को 277 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित करेंगे। साथ ही 33 करोड़ की लागत से बनने वाली पानी की आपूर्ति योजना का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा, वे 193 करोड़ की लागत से तैयार 41 विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।

बिलकिसगंज में देंगे 118 करोड़ की राहत राशि

धनतेरस के इस विशेष दिन पर मुख्यमंत्री का आखिरी कार्यक्रम सीहोर जिले के बिलकिसगंज (झागरिया) में होगा। यहां वे 2 लाख से अधिक किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से 118 करोड़ रुपए की फसल राहत राशि ट्रांसफर करेंगे। सरकार का यह कदम किसानों के लिए त्योहार पर बड़ी राहत लेकर आएगा।

किसानों के साथ त्योहार

धनतेरस के दिन किसानों के बीच रहकर सीएम मोहन यादव ने एक मिसाल पेश की है। जहां एक ओर लोग सोना-चांदी खरीदकर त्योहार मना रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री किसानों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान का तोहफा दे रहे हैं। यह कदम न केवल कृषि क्षेत्र को सशक्त करेगा, बल्कि सरकार और किसानों के बीच सीधा संवाद भी मजबूत करेगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story