भोपाल में भीषण हादसा: नर्मदापुरम हाईवे पर 100+ स्पीड, डंपर से टकराकर कार चकनाचूर, 2 सगी बहनों की मौत

Bhopal road accident: मध्यप्रदेश के भोपाल में रविवार (8 जून) की रात भीषण हादसा हो गया। नर्मदापुरम हाईवे पर 120 की स्पीड में दौड़ रही होंडा सिटी कार की डंपर से टक्कर हो गई। कार चकनाचूर हो गई। एक्सीडेंट में कार सवार दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। तीन लोग घायल हैं। हादसा रात 2 बजे बागसेवनिया थाने के सामने हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन का इलाज जारी है।
हादसे में इनकी हुई मौत
जांच अधिकारी गोकुल प्रसाद दावरे के मुताबिक, रजत गोल्डन कटारा हिल्स निवासी दीपाली वर्मा (32) अपने पति मनुराज वर्मा, छोटी बहन शिखा वर्मा (29) और भाई के दोस्त सक्षम जैन व सुयश चौहान के साथ होटल में खाना खाकर एमपी नगर से घर लौट रहे थे। तभी नर्मदापुरम हाईवे पर 120 की स्पीड में दौड़ रही उनकी होंडा सिटी कार बागसेवनिया थाने के सामने डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चकनाचूर हो गई। हादसे में सभी लोग कार में फंस गए।
सक्षम और सुयश एम्स में भर्ती
एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही बागसेवनिया पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने दोनों बहनें दीपाली और शिखा को मृत घोषित कर दिया। कार में दीपाली के पति मनुराज वर्मा के अलावा सक्षम और सुयश भी सवार थे। तीनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एम्स में उनका इलाज चल रहा है।
IT कंपनी में मैनेजर थीं दीपाली
मनुराज वर्मा जबलपुर में सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर हैं। जबकि, दीपाली वर्मा दुबई की नमी IT कंपनी में मैनेजर और शिखा वर्मा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया होशंगाबाद ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर थीं। दीपाली और मनुराज की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। शिखा अविवाहित थीं।