Bhopal News: AC कोच में चोरी करने वाला फॉरेन रिटर्न BTech इंजीनियर गिरफ्तार, 7 लाख का माल बरामद

Bhopal News: ब्रिटेन से लौटा BTech इंजीनियर निकला ट्रेन चोर, AC कोच में करता था वारदात। (AI Image)
GRP भोपाल रेलवे स्टेशन पर खड़ी होने वाली ट्रेन के AC कोच में हुई चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। सीसीटवी कैमरे की बदौलत चोर की पहचान हुई और वो पकड़ा भी गया, लेकिन जब चोर ने अपनी पहचान बताई तो हर कोई चौंक गया। चोर के पास जीआरपी को 7 लाख रुपए का सामान बरामद हुआ है।
यह मामला इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि, चोर बीटेक पास इंजीनियर है। वह ब्रिटेन में नौकरी करके भारत लौटा है। जब जीआरपी ने चोर से पूछताछ की तो चोरी के एक चौंकाने वाली वजह सामने आई।
दरअसल, बीटेक पास फॉरेन रिटर्न इंजीनियर चोर बेटिंग गेम का आदि था। कुछ समय पहले वह बेटिंग में हजारों रुपये हार गया था। इसी कर्जे की भरपाई के लिए उसने चोरी करना शुरू कर दिया था।
मुंबई में मामले की जीरो FIR (Bhopal News)
GRP भोपाल थाना प्रभारी जहीर खान के अनुसार, 20 जनवरी को अफशा बेगम नाम की महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके अनुसार वे ट्रेन संख्या - 22222, वजीरपुर आगरा राधजानी एक्सप्रेस से कोच A-1 में यात्रा कर रहीं थीं।
भोपाल स्टेशन पर एक अज्ञात बदमाश द्वारा उनके सिरहाने से लेडीज पर्स चुरा लिया गया। उनके बैग में सोने की चैन, झुमके और अंगूठी समेत 35 हजार रुपए कैश था। मुंबई में मामले की जीरो एफआईआर दर्ज की गई। भोपाल जीआरपी ने डायरी मिलने पर जांच शुरू की।
पुणे यूनिवर्सिटी से पढ़ाई (Bhopal News)
सीसीटीवी कैमरे की मदद से संदिग्ध युवक की पहचान की गई। पूछताछ किए जाने पर उसने चोरी की बात कबूल की। आरोपी की पहचान प्रांजल दीक्षित (उम्र - 36 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुणे यूनिवर्सिटी से उसने बीटेक की पढ़ाई की है। वह ब्रिटेन में नौकरी भी कर चुका है। बेटिंग की लत के चलते उसने अपनी सारी कमाई गंवा दी। प्रांजल के पिता नहीं है और मां से झूठ बोलकर वह भोपाल आया था। गुलमोहर कॉलोनी में प्रांजल बीते डेढ़ महीने से किराए के मकान में रह रहा था।
रिपोर्ट- गुरजीत कौर
