मानवता शर्मसार: भिंड में मृतक का 2 किमी तक कंधे पर रखकर शव ले गए परिजन, गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम

bhind District Hospital
X
Bhind: मध्यप्रदेश के भिंड जिले से जिला अस्पताल में घोर लापरवाही का एक मामला सामने आया है। एंबुलेंस नहीं मिलने पर 2 किमी. तक कंधे पर शव रखकर ले गए परिजन।

भिंड से शुभम जैन की रिपोर्ट

मध्यप्रदेश के भिंड जिले से जिला अस्पताल में घोर लापरवाही का एक मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को ले जाने के लिए एंबुलेंस या शव वाहन देने से इनकार कर दिया। मजबूरी में मृतक के परिजन शव को कंधे पर लेकर गए। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर घोर लापरवाही व अनियमितता का आरोप लगाया है। इस घटना ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

परिजनों ने लगाया शव वाहन न मिलने का आरोप

मृतक विकास के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर शव को ले जाने के लिए शव वाहन या एंबुलेंस न देने का आरोप लगाया है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से वाहन की मांग की लेकिन उन्हें वाहन नहीं उपलब्ध कराया गया। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन के रवैये को लेकर परिजन काफी आक्रोशित हो गए। इतना ही नहीं परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम भी कर दिया। हालांकि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर मामले को शांत कराया।

2 किमी तक कंधे पर ले गए शव

बता दें, मृतक विकास का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव वाहन न मिलने पर परिजनों को जिला अस्पताल से 2 किमी दूर चंदनपुरा तक शव को कंधे पर ले जाना पड़ा। ऐसे में शव वाहन न मिलने से मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मृतक के परिजनों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे सीएमएचओ डॉ जे.एस. यादव से शव वाहन की मांग करने के लिए पहुंचे थे। लेकिन उन्होंने ने भी उदासीन रवैया दिखाते हुए मना कर दिया।

शव को स्टेट हाइवे पर रख कर किया चक्का जाम

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को स्टेट हाइवे पर रख कर चक्का जाम कर दिया। परिजनों के साथ भीम आर्मी के सदस्य भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए। स्थानीय नागरिक, मृतक के परिजन व रिश्तेदारों ने भी प्रदर्शन करते हुए अस्पताल प्रशासन व सीएमएचओ पर कार्रवाई की मांग की है। चंदनपुरा में हुए इस चक्का जाम के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि देहात थाना पुलिस और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और यातायात शुरू करवाया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story