झारखंड विधानसभा अध्यक्ष का बड़ा फैसला: रबींद्र नाथ महतो ने दो विधायकों को घोषित किया अयोग्य, जानें मामला

Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा के छह दिवसीय मानसून सत्र की शुरुआत कल यानी 26 जुलाई से होने जा रही है। इससे पहले दो विधायकों लोबिन हेम्ब्रम और जय प्रकाश भाई पटेल को अयोग्य घोषित किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधिकरण ने गुरुवार को दलबदल विरोधी कानून के तहत दोनों को अयोग्य घोषित किया है। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो के न्यायाधिकरण ने दोनों के खिलाफ इस संबंध में दायर शिकायत पर संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत सुनवाई के बाद फैसला सुनाया। यह फैसला 26 जुलाई से प्रभावी माना जाएगा।
शुक्रवार से विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत
बता दें कि शुक्रवार से झारखंड विधानसभा के 6 दिवसीय मानसून सत्र की शुरुआत होने जा रही है। इससे ठीक पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) विधायक लोबिन हेम्ब्रम और कांग्रेस (Congress) के विधायक जय प्रकाश भाई पटेल को अयोग्य घोषित करने का आदेश जारी किया गया है।
लोबिन हेमब्रम ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और हारे
लोकसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोबिन हेम्ब्रम ने राजमहल लोकसभा सीट से अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी विजय कुमार हंसदक के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में हेम्ब्रम को करारी हार का सामना करना पड़ा था। विजय कुमार हंसदक को 6 लाख से अधिक वोट मिले थे, जबकि हेमब्रोम 42,140 वोट मिले थे।
भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए और हारे जय प्रकाश पटेल
उधर, भारतीय जनता पार्टी के जय प्रकाश भाई पटेल लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। इस सीट से भाजपा के मनीष जायसवाल को 6 लाख से अधिक वोट मिले और उन्हें जीत मिली थी। उधर कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश भाई पटेल को 2.5 लाख वोटों से भी अधिक अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS