पत्नी की बेवफाई का खौफनाक सच: प्रेमी से शादी रचाने को दो बच्चों की मां ने पति को मरवाlया, 3 गिरफ्तार

यमुनानगर में प्रिंस हत्या मामले में मृतक की पत्नी समेत गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी पुलिस हिरासत में।
पत्नी की बेवफाई का खौफनाक सच : हरियाणा के यमुनानगर में रिश्तों के कत्ल की एक और खौफनाक कहानी सामने आई है। करीब साढ़े तीन महीने पहले साढ़ौरा क्षेत्र में बकाला निवासी प्रिंस उर्फ गोबिंद की हत्या मामले का पुलिस ने जब पर्दा उठाया तो सब दंग रह गए। पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी डीएसपी हरविंद्र सिंह ने दी।
गांव के ही युवक से था प्रेम प्रसंग
पुलिस ने बताया कि प्रिंस की हत्या गांव के ही हैप्पी व दिव्यांशु ने की। प्रेम प्रसंग के चलते यह हत्या की गई है। जांच में सामने आया कि हैप्पी का मृतक प्रिंस की पत्नी प्रीति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। प्रिंस को रास्ते से हटाने के लिए इन्होंने मिलकर एक योजना बनाई।
15 मई को कराल घाट के पास मिला था शव
डीएसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि 15 मई की सुबह प्रिंस का शव कालाअंब मार्ग पर कराल घाट के पास मिला था। पास में उसकी बाइक पड़ी थी, जिससे उसकी शिनाख्त की। हत्यारे ने उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किए हुए थे। उसके चेहरे की पहचान तक नहीं हो रही थी। पास में ही एक चाकू भी मिला था। इस मामले में थाना साढौरा में अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया था।
बाइक पर लिफ्ट ली और रॉड से किया वार
इसके बाद पुलिस की टीम तफ्तीश कर रही थी। मृतक के परिजनों ने भी शक जताया था कि इस हत्या में उसकी पत्नी प्रीति का हाथ हो सकता है। क्योंकि दोनों के बीच अक्सर मनमुटाव रहता था। जब पुलिस ने प्रीति से सख्ती से पूछताछ की तो उसने राज उगल दिया। उसने बताया कि योजना के तहत आरोपी हैप्पी व दिव्यांशु ने हिमालयन कॉलेज कालाआंब के पास से प्रिंस से लिफ्ट ली। उसे कहा कि उनकी बाइक कोई लेकर गया है। उन्हें पता था कि रोजना शाम को प्रिंस कालाआंब से ड्यूटी से आता है। जब वह दोनों बाइक पर प्रिंस के साथ बैठकर चले तो रास्ते में पीछे से बैग से निकालकर प्रिंस पर रॉड से वार कर दिया। इससे वह बाइक सहित नीचे गिर पड़ा। इसके बाद कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी हैप्पी टैक्सी चलाता है। मौके पर थाना प्रबंधक उप निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी प्रीति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि दोनों आरोपियों हैप्पी व दिव्यांशु को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
