यमुनानगर में हंगामा: पांच साल के बच्चे की जोहड़ में डूबने से मौत, लोगों ने काटा बवाल

yamunanagar child drown protest
X

यमुनानगर की गोविंद विहार कॉलोनी में बच्चे की मौत के बाद जाम लगाते हुए लोग।

हरियाणा के यमुनानगर में कॉलोनी में खोदे गए जोहड़ में डूबने से एक पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने नगर निगम अधिकारियों को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया।

यमुनानगर में हंगामा : हरियाणा के यमुनानगर शहर के थाना फर्कपुर क्षेत्र की गोविंद विहार कॉलोनी में शनिवार देर शाम शाम घर के नजदीक बने जोहड़ में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। गोताखोरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। गुस्साए लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

घर के पास में है जोहड़, खेलते हुए गिरा

गोविंद विहार कॉलोनी निवासी श्रवण पटेल का पांच साल का बेटा पुंज शाम को घर के बाहर खेल रहा था। तभी वह गली के बाहर स्थित जोहड़ के किनारे पहुंच गया और पैर फिसलने से गंदे पानी में जा गिरा। जिसे देख वहां खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचा दिया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पता लगते ही थाना फर्कपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया। जोहड़ का पानी काला और बदबूदार था, जिससे खोज में काफी दिक्कत आई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर ने बच्चे का शव बरामद किया।

जोहड़ का काम अधूरा होने से भड़के लोग

हादसे की सूचना मिलते ही लोगों ने कॉलोनी में सड़क के बीच में बैठकर जाम लगा दिया। स्थानीय निवासी राहुल व दिनेश ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। एक तरफ जहां नगर निगम अधिकारी यमुनानगर को स्मार्ट सिटी बनाने के झूठे वादे कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कॉलोनी में गंदे पानी के लिए खोदे गए जोहड़ का कार्य पूरा नहीं किया गया है। नगर निगम की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद न तो कोई निगम अधिकारी और न ही नगर निगम मेयर परिजनों को सांत्वना देने तक नहीं आए। उन्होंने मृतक बच्चे के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और जाम खुलवाया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story