3 बच्चों की मौत से यमुनानगर में मातम: नहर में नहाने गए थे, गहरे पानी में डूबे, SDRF ने निकाले शव

तीन बच्चों की डूबने से मौत।
हरियाणा के यमुनानगर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बच्चों ने गहरे पानी से बाहर निकलने के लिए काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
बचाने की कोशिशें रहीं नाकाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब बच्चे डूब रहे थे, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, नहर की गहराई ज़्यादा होने के कारण वे बच्चों को बचा नहीं पाए। इसके तुरंत बाद, स्थानीय लोगों ने पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें बिना देरी किए मौके पर पहुंचीं और बच्चों की तलाश शुरू की।
तलाश के बाद मिले शव
पुलिस और SDRF की टीमों मिलकर नहर में तलाशी अभियान चलाकर लगभग 20-25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को नहर से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस खबर से मौके पर मौजूद सभी लोग दुखी हो गए।
बुड़िया गांव के थे तीनों बच्चे
आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मृत बच्चे यमुनानगर के गांव बुड़िया के रहने वाले थे। उनकी उम्र क्रमशः 12, 14 और 15 वर्ष थी। पुलिस ने तत्काल परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। यह घटना परिवार और पूरे गांव के लिए एक बड़ी त्रासदी बन गई है।
रविवार दोपहर नहाने गए थे बच्चे
पुलिस के शुरुआती बयानों के अनुसार यह घटना रविवार दोपहर की है। तीनों बच्चे यमुना नहर में नहाने के लिए आए थे। उन्होंने यमुना किनारे अपने कपड़े उतारे और नहर में कूद गए। शुरुआत में वे नहर के किनारे ही नहा रहे थे और मस्ती कर रहे थे। लेकिन खेलते-खेलते वे अंदर गहरे पानी में चले गए, जहां से वे बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए। यह घटना एक बार फिर बच्चों को जलस्रोतों के पास खेलते समय बरती जाने वाली सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित करती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
