वोट चोरी: भाजपा के साथ इनेलो, हुड्डा बोले, सरकार चुराई, इनका एजेंडा देश की बर्बादी, बड़ौली का जवाब

वोट चोरी का लोगो।
राहुल गांधी के हरियाणा में वोट चोरी कर सरकार बनाने के आरोपों के बाद प्रदेश में सियासत गर्मा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार को चोरी की सरकार बताया तो कांग्रेश प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने अब सड़क पर उतारक प्रदर्शन करने का ऐलान किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन बड़ौली ने हमला बोलते हुए कहा कि अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए राहुल गांधी विदेशों में देश विरोधी ताकतों से ट्रेनिंग लेकर फर्जी एजेंडा फैलाकर देश को बर्बाद करने की साजिश रच रहे हैं। इस मामले में भाजपा को इनेलो का साथ मिला है। कांग्रेस छोड़ इनेलो में शामिल होते ही पूर्व मंत्री प्रो. संपत्त सिंह ने कहा कि वोट चोरी की शुरूआत कांग्रेस ने ही की थी। भाजपा तो कांग्रेस के काम को ही आगे बढ़ा रही है। अभय चौटाला ने कहा कि हमें पता है कि कांग्रेस राज में कैसे यूपी और बिहार में एक-एक आदमी मशीनों पर खड़ा होकर कैसे वोट कैसे डलते थे। तब इन्हें वोट चोरी दिखाई नहीं देती थी।
राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दे चुनाव आयोग : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राहुल गांधी के सवालों पर चुनाव आयोग से जवाब मांगा। राहुल गांधी ने सबूतों के साथ वोट चोरी का भंडाफोड़ किया है। जो चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवालिया निशाना है। यह सिर्फ हरियाणा का नहीं, बल्कि पूरे देश और हमारे लोकतंत्र का सवाल है। 2024 में बैलेट पेपर की काउंटिंग में कांग्रेस 73 सीटों पर लीड कर रही थी। लेकिन ईवीएम की गिनती में पिछड़ गई। जबकि पिछले 5 चुनावों के नतीजे बताते हैं कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। हरियाणा के लोगों की आवाज दबाकर वोट चोरी से सरकार चोरी की गई। आयोग ने पोलिंग वाले दिन 61.19 प्रतिशत और 6 तारीख को कहा 65.65 प्रतिशत वोटिंग दिखाई। 7 अक्टूबर को बताया कि 67.9 प्रतिशत वोट पड़ी। रातों-रात वोट कैसे बढ़ गयी? हर विधानसभा में औसत 15175 वोट बढ़ाकर दिखाई गईं।
हरियाणा में आठ में से एक वोट किया चोरी
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के खुलासे से यह साबित हो गया है कि हरियाणा में 25 लाख वोटों की हेराफेरी की गयी यानी हर 8 में से 1 वोट फर्जी वोट था। हरियाणा में जनता के जनादेश चुरा लिया गया है। यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की और देश के संविधान की है। पोस्टल बेल्ट में कांग्रेस आगे थी, लेकिन मशीन खुलते ही भाजपा आगे हो गयी। हार और जीत में सिर्फ 22779 वोटों का अंतर था। लोकसभा चुनाव के बाद साढ़े तीन लाख वोट हटा दिये गये थे। भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी इस सरकार चोरी के खिलाफ हर जिले में जोरदार प्रदर्शन करेगी।
विदेशों से प्ररेणा लेकर फैला रहे फर्जी एजेंडा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने राहुल गांधी को बिहार में वोटिंग से पहले ही इंडिया की हार दिखाई दे रही है। जिसे छुपाने के लिए राहुल गांधी विदेशों से प्रेरित होकर फर्जी प्रोपेगेंडा फैलाकर देश को बर्बाद करने की साजिश रच रहे हैं। राहुल गांधी चुनाव के दौरान विदेश निकल जाते हैं। संसद सत्र के दौरान वो कंबोडिया निकल जाते हैं, थाईलैंड निकल जाते हैं। बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान वो कोलंबिया चले गए। राहुल गांधी विदेश से जो प्रेरणा लेते हैं, वो उसे लेकर अपनी टीम से फर्जी प्रोपेगेंडा बनाकर देश की जनता और मीडिया का समय बर्बाद करते हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को गंभीर मुद्दों पर बात करनी चाहिए लेकिन राहुल गांधी फिजूल मुद्दों पर समय व्यर्थ करते हैं।
सैलजा अपने नेताओं को ठहरा चुकी जिम्मेदार
जब एग्जिट पोल कांग्रेस के समर्थन में जाते हैं तो वो कहते हैं कि बहुत अच्छा है, लेकिन जब विरोध में जाते हैं तो मीडिया को गाली देते हैं। राहुल गांधी बार-बार कहते हैं कि एटम बम फूटने वाला है, लेकिन उनका यह एटम बम कभी फटता क्यों नहीं है? अब कह रहे थे कि हाइड्रोजन बम फटेगा। फटा तो कुछ नहीं। हरियाणा में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने कहा पार्टी की हार पर हरियाणा के कांग्रेस के नेताओं पर ही आरोप लगाए थे। अभी तीन दिन पहले कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और कहा कि कांग्रेस हरियाणा में इसलिए हारी क्योंकि उनके अपने नेता ही काम नहीं कर रहे थे और पार्टी को जानबूझकर हरा रहे थे। जनता द्वारा सत्ता छिनने के बाद से कांग्रेस विशेषकर राहुल गांधी देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं, सेना व उद्यमियों को निशाना बना रहे हैं, ताकि उन्हें विदेशी प्रतिद्वंद्धियों के मुकाबले कमजोर किया जा सके।
पहले कांग्रेस राज को याद करें राहुल
कांग्रेस छोड़ने के बाद प्रो. संपत्त सिंह बुधवार को इनेलो में शामिल हो गए। इनेलो में शामिल होते ही संपत्त सिंह ने कहा कि भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी सबसे पहले तो यह बताए कि वोट चोरी सिखाई किसने, पहले यह काम कांग्रेस करती थी, अब भाजपा उसे आगे बढ़ा रही है। ब कांग्रेस हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में सत्ता में आई तो राहुल गांधी ने इनका उदाहरण क्यों नहीं दिया? वहां भी तो वोट चोरी हो सकती थी।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हमने देखा है कि यूपी और बिहार में वोट कैसे डलते थे। एक आदमी मशीन पर खड़ा होकर ठप्पे लगा कर सारे वोट डलवाता था। तब कांग्रेस की सरकार थी। तब इनको वोट चोरी दिखाई नहीं दी। पहले जब कांग्रेस दूसरों के साथ करती थी तो सब सही था, अब जब अपने साथ होने लगा तो वोट चोरी दिखने लगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
