Sift City: चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में बनेगी सिफ्ट सिटी, प्रशासन ने केंद्र सरकार को भेजा प्रस्ताव

चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में बनेगी सिफ्ट सिटी।
Sift City: चंडीगढ़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस कड़ी में चंडीगढ़ प्रशासन ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 में सिफ्ट सिटी बनाने का फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि इस सिटी को गुजरात की गिफ्ट सिटी की तर्ज पर बनाया जाएगा। प्रशासन ने इसका प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेज दिया है।
प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट के लिए कंसल्टेंट भी नियुक्त किया है। उद्योग सचिव निशांत कुमार का कहना है कि 30 नवंबर तक परियोजना से जुड़ी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली जाएगी, ताकि आने वाले बजट में इसकी घोषणा की जा सके।
इंडस्ट्रियल एरिया में खाली पड़ी जमीन
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद देश-विदेश की IT और फाइनेंशियल कंपनियों को निवेश करने का मौका मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। चंडीगढ़ शहर ग्लोबल लेवल का फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजी हब के तौर पर उभरेगा। प्रशासन का कहना है कि इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और फेज-3 में खाली जमीन पड़ी है, फेज 3 में 153 एकड़ जमीन खाली है। इस जमीन को सिफ्ट सिटी के लिए उपयोग किया जाएगा।
कंपनी को मिलेगी सुविधा
- रेगुलेटरी में छूट मिलेगी।
- बिल्डिंग अप्रूवल में आसानी होगी।
- फ्लोर एरिया रेश्यो में लचीलापन आएगा।
- लेबर लॉज से मिलेगी राहत।
- कंपनियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
- इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट और टैक्स इंसेंटिव की सुविधा मिलेगी।
गुलाबचंद कटारिया ने क्या कहा?
चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने कहा, 'शहर को आगे ले जाने के लिए गुजरात मॉडल का सहारा लिया जाएगा। उनका कहना है कि बीते सालों में चंडीगढ़ इस क्षेत्र में पीछे रह गया है, इसलिए अब इसे तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है।'
