केंद्रीय गृह मंत्री का हरियाणा दौरा: रोहतक को मिला सबसे बड़ा डेयरी प्लांट, कुरुक्षेत्र में दी 825 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात

रोहतक पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मंच पर स्वागत किया गया।

रोहतक में MDU के खेल मैदान में हुए समारोह में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को हरियाणा के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने रोहतक और कुरुक्षेत्र में कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। रोहतक के आईएमटी में आयोजित उद्घाटन समारोह में अमित शाह ने साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे। शाह ने इस प्लांट को उत्तर भारत के किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उसके बाद वह महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) के खेल मैदान में पहुंचे जहां 'खादी कारीगर महोत्सव' में हिस्सा लिया। शाह ने यहां 2200 कारीगरों को टूल किट वितरित की और 301 करोड़ रुपये की पीएमईजीपी मार्जिन मनी का वितरण किया। यह राशि कारीगरों को आधुनिक मशीनों और तकनीकों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने में सहायता करेगी। इस पहल से खादी ग्रामोद्योग को 'आत्मनिर्भर भारत' की पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका मिलेगी।
कुरुक्षेत्र में 3 नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन
रोहतक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कुरुक्षेत्र पहुंचे। वहां उन्होंने ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड में 3 नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें पुलिस थाने की कार्यप्रणाली, घटनास्थल पर जांच प्रक्रिया और डायल 112 की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को डिजिटल रूप से दिखाया गया। इसके पश्चात शाह ने प्रदेश के 12 जिलों में 825 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर चलते हुए पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा ने हरियाणा में नौकरियों से 'पर्ची' और 'खर्ची' (भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार) की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह से खत्म कर दिया है, जिससे युवाओं को पारदर्शिता मिली है।
रोहतक से NCR और उत्तर भारत में दूध की सप्लाई होगी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन करने के बाद सहकारिता क्षेत्र के विकास पर जोर दिया। शाह ने कहा कि इस डेयरी प्लांट से पूरे एनसीआर और उत्तर भारत में दूध की सप्लाई की जाएगी, जिससे किसानों और पशुपालकों की आय में बड़ी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि साबर डेयरी ने छोटे स्तर से काम शुरू किया था जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल चुका है। उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि सहकारिता डेयरी के माध्यम से 35 लाख बहनें 85 हजार करोड़ का व्यापार करती हैं और अब यही हाल हरियाणा में भी होने वाला है।
डेयरी सेक्टर पिछले 11 साल में 70% तक बढ़ा
शाह ने बताया कि भारत का डेयरी सेक्टर पिछले 11 साल में 70% तक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि दूध देने वाले पशुओं की संख्या 86 मिलियन से बढ़कर 112 मिलियन हो गई है। देसी नस्ल की गायों के दूध का उत्पादन भी 29 मिलियन टन से बढ़कर 50 मिलियन टन तक पहुंच चुका है। उन्होंने गर्व से कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन चुका है।
75 हजार डेयरी समितियां बनाई जाएंगी
शाह ने घोषणा की कि आने वाले समय में 75 हजार डेयरी समितियां बनाई जाएंगी। सरकार का लक्ष्य 1 हजार लाख मीट्रिक टन दूध प्रोक्योरमेंट का है जिसका सीधा फायदा पशुपालकों को मिलेगा। उन्होंने हरियाणा सरकार से भ्रूण स्थानांतरण और लिंग निर्धारण की तकनीक हर पशुपालक को उपलब्ध कराने और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी काम करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के लिए यह गर्व का दिन है। सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहकारिता मंत्र के कारण आज रोहतक में इस आधुनिक प्लांट का उद्घाटन हुआ है, जिससे ग्रामीण परिवेश का आर्थिक विकास होगा। उन्होंने बताया कि यह प्लांट दिल्ली, एनसीआर और पूरे उत्तर भारत में दूध की मांग को पूरा करेगा। हरियाणा में छह मिलर्स प्लांट सहकारिता विभाग के द्वारा चलाए जा रहे हैं। सीएम सैनी ने बताया कि दूध उत्पादन में हरियाणा देश में तीसरा स्थान रखता है।
कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी
रोहतक में दो कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अमित शाह कुरुक्षेत्र भी जाएंगे। कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर के किनारे मेला ग्राउंड में एक बड़ी रैली रखी गई है, जहां 3 नए आपराधिक कानूनों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में नए आपराधिक कानूनों से हुए परिवर्तन, उपलब्धियों और सकारात्मक परिणामों को दिखाया जाएगा। इसके लिए 10 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें पुलिस कंट्रोल रूम, पुलिस थाना, अस्पताल का पोस्टमॉर्टम, कोर्ट, लैब और जेल से संबंधित विभागों को शामिल किया गया है।
15 एकड़ में पंडाल लगाया गया
मेला ग्राउंड में करीब 15 एकड़ में पंडाल लगाया गया है, जिसमें 15 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था है। कार्यक्रम में वकील और लॉ स्टूडेंट्स को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मंच पर अमित शाह, सीएम नायब सैनी और लोकसभा सांसद नवीन जिंदल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। शाह यहां प्रदेश के 12 जिलों में कुल 825 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन या शिलान्यास भी करेंगे। रोहतक में हुए समारोह में इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी मौजूद रहे।
MDU के छात्र संगठनों ने किया प्रदर्शन
शाह के आगमन से पहले MDU के छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया, आरोप लगाया कि कार्यक्रम के लिए ग्राउंड में सड़क बनाकर उसे खराब कर दिया गया है। इसे देखते हुए छात्र नेता प्रदीप देशवाल को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। रोहतक और कुरुक्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और रूट डायवर्ट किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर चेकिंग के बाद ही लोगों को एंट्री दी गई।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।


